Himachal: अंबाला से आई स्कूल बस की ब्रेक फेल, 20 बच्चों समेत 50 की जान बची, चालक ने ऐसे बचाई जान
अंबाला से शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण पर आए स्कूली बच्चों और स्टाफ की जान हिमाचल प्रदेश के सोलन में बाल-बाल बच गई।
विस्तार
हरियाणा के अंबाला से शनिवार को शैक्षणिक भ्रमण पर आए स्कूली बच्चों और स्टाफ की जान हिमाचल प्रदेश के सोलन में बाल-बाल बच गई। सोलन के सलोगड़ा स्थित हरट गांव के समीप अचानक एक बस की ब्रेक फेल हो गई। चालक की सूझबूझ ने बस को गहरी खाई में गिरने से बचा लिया और एक भीषण हादसा टल गया। इस बस में 20 बच्चों समेत स्टाफ के साथ कुल 50 लोग सवार थे, जो इस घटना से सहमे हुए हैं।
यह घटना तब हुई जब नंदलाल गीता विद्या मंदिर टिपला स्कूल अंबाला के बच्चे और स्टाफ चार बसों में शैक्षणिक भ्रमण के लिए मोहन हेरिटेज पार्क जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे सलोगड़ा से मोहन हेरिटेज पार्क की ओर जाते समय एक बस का अचानक प्रेशर डाउन हो गया और ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। उतराई अधिक होने के कारण बस ने तेज रफ्तार पकड़ ली, जिससे बस में सवार बच्चे और स्टाफ पूरी तरह सहम गए।
बस चालक रमेश कुमार ने खतरे को भांपते हुए सूझबूझ दिखाई और बस को हादसे से बचाने के लिए तुरंत सड़क किनारे मिट्टी के ढेर से टकरा दिया। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे ही रुक गई। अगर चालक बस को मिट्टी के ढेर से नहीं टकराता, तो बस सीधे गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। हादसा टलने के बाद सभी बच्चों और स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी की मदद की।
हरट के समीप बस की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। चालक रमेश कुमार ने ब्रेक फेल होने के बाद सूझबूझ दिखाते हुए बस को मिट्टी के ढेर से टकरा दिया। घटना में कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है।- गौरव सिंह ,एसीपी, सोलन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.