पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान में चमका हिमाचल, मंडी बना नंबर वन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वच्छता के मामले में हिमाचल प्रदेश पूरे उत्तर भारत की शान के रूप में उभरा है। सूबे के दो जिले स्वच्छता के मामले में देश में आगे हैं। पहाड़ी राज्यों में हिमाचल प्रदेश का मंडी जिला स्वच्छता के मामले में अव्वल रहते हुए नंबर वन बना है।
वहीं, स्वच्छता के मानदंड पर शिमला जिला देश में तीसरे स्थान पर है। मैदानी जिले के रूप में महाराष्ट्र का सिंधुदुर्ग जिला शीर्ष स्थान पर है। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय ने तय मानकों के अनुसार देश भर के 75 जिलों में स्वच्छता का सर्वेक्षण कराया था।
जिसमें पहाड़ी क्षेत्र के 22 जिले तो मैदानी क्षेत्र के 53 जिले शामिल थे। इस कड़ी में हिमाचल प्रदेश के मंडी ने सरकार के तय स्वच्छता मानकों में 98.4 अंक बटोरे हैं। पश्चिमी सिक्किम को 96.4 अंक मिले हैं। हिमाचल प्रदेश का दूसरा शहर शिमला 94.1 अंकों के साथ स्वच्छता के मामले में तीसरे नंबर पर है।
मैदानी इलाकों में ये शहर हैं सबसे स्वच्छ
मैदानी इलाकों में महाराष्ट्र का सिंधुदुर्ग जिला 96.8 अंक के साथ पहले नंबर पर तो पश्चिम बंगाल का नादिया जिला 95 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। जबकि महाराष्ट्र का सतारा जिला 92.9 अंक के साथ तीसरे पायदान पर है।
इन जिलों के स्वच्छता रैंकिंग की घोषणा करते हुए केंद्रीय ग्रामीण एवं विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रसन्नता जताते हुए स्वच्छता के मामले में अव्वल रहने वाले जिलों की जनता और वहां के प्रशासन का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में रैंकिंग प्रदान करने के प्रयास से अन्य जिलों में भी स्वच्छता बनाने को लेकर प्रतिस्पर्धा पैदा होगी।