हिमाचल: प्रधानमंत्री मोदी ने किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का पुंग तक किया उद्घाटन
किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर 3400 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 69 किलोमीटर लंबे फोरलेन को बनाने में एनएचएआई को करीब 12 साल का समय लगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से एनएच-21 के किरतपुर-नेरचौक फोरलेन का पुंग तक उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इस पर करीब 3400 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 69 किलोमीटर लंबे फोरलेन को बनाने में एनएचएआई को करीब 12 साल का समय लगा। इस परियोजना में पांच सुरंगें बनाई गई हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने हमीरपुर बाईपास, एनएच -154 के सिहुनी से राजोल खंड और थानपुरी से परौर खंड के शिलान्यास भी किए। मुख्य कार्यक्रम सोमवार को हरियाणा के गुरुग्राम में हुआ। हिमाचल प्रदेश में इन परियोजनाओं पर करीब 7,000 करोड़ रुपये का खर्च आ रहा है।
शिमला में मुख्य कार्यक्रम राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में हुआ। इसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के अलावा कई विधायक और नेशनल हाईवे अथाॅरिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, फोरलेन को जनता को समर्पित करने के लिए विधायक राकेश जमवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर पीएम ने हिमाचल प्रदेश को कई बड़े तोहफे दिए। अब किरतपुर से सुंदरनगर तक फोरलेन का निर्माण पूरा हो पाया है। इससे पर्यटन को पंख लगेंगे। सैलानियों में भी इजाफा होगा।
नेरचौक तक सफर सुहाना, फिर मनाली तक थकाऊ
पर्यटन सीजन से पहले भले ही किरतपुर से नेरचौक फोरलेन का शिलान्यास होने से इसमें पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। लेकिन इसके आगे मनाली तक का सफर थकाऊ है। सुंदरनगर से आगे पंडोह और फिर मनाली तक नेशनल हाईवे की हालत खराब है। इसे सुधारने के लिए एनएचएआई ने ठोस प्रयास नहीं किया है। मंडी और कुल्लू के बीच कई बार नेशनल हाईवे बंद हो जाता है। आपदा के बाद सुंदरनगर से आगे खासकर पंडोह के पास फोरलेन हादसों का प्वाइंट बना है। देश-विदेश के पर्यटक जब भी यहां से आते हैं तो उन्हें डर लगता है। अप्रैल में पर्यटन सीजन शुरू हो जाएगा। जिस तरह से सुंदरनगर से मनाली तक नेशनल हाईवे की स्थिति है, उसे ठीक करने में सिर्फ एक महीना बचा है। अन्यथा पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
आपदा के बाद सुंदरनगर से मनाली के बीच फोरलेन सड़क की स्थिति का असर पर्यटन कारोबार पर भी पड़ रहा है। मनाली के पर्यटन कारोबारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मांग की कि एनएचएआई को काम में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए जाएं। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि किरतपुर से नेरचौक तक फोरलेन अच्छा है। इसके आगे की सड़क को भी जल्द चकाचक जाए। बेशक कुछ कमियां रह जाए। जहां बारिश, भूस्खलन से सड़क खराब हुई है, उसे पहले दुरुस्त किया जाए। अभी आधा काम हुआ है, पूरा काम होने के लिए एनएचएआई को तेजी दिखानी होगी।
फोरलेन से बदली हिमाचल की सूरत : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कीरतपुर-नेरचौक के तहत पुंघ तक बने फोरलेन के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इस फोरलेन से हिमाचल की सूरत बदल गई। पहले चंडीगढ़ से मंडी के लिए पांच से छह घंटे का समय लगता था, लेकिन अब यह दूरी आधे से भी कम समय में पूरी हो रही है। प्रधानमंत्री की ओर से हिमाचल प्रदेश में एक लाख करोड़ की सड़कें बनाए जाने के लिए भी उन्होंने आभार जताया। जयराम लोकार्पण कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े। जयराम ने कहा कि इस फोरलेन को बनाने में 4,759 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 69 किलोमीटर लंबे फोरलेन को बनाने में लगभग चार साल लगे। इस प्रोजेक्ट में पांच टनल बनाई गई हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि विश्वस्तरीय सड़कें हिमाचल की जरूरत हैं।
मुख्यमंत्री दें तत्काल इस्तीफा
इन परियोजनाओं के पूरा होने पर हिमाचल प्रदेश की पूरी तस्वीर बदल जाएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला से मटौर के लिए दस हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मार्ग में टनल, बाईपास, फोरलेन, डबल लेन, फोल्डर बनने के पश्चात कुल 43 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी शिवरात्रि के मंच का जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने राजनीतिक भड़ास निकालने के लिए प्रयोग किया है। वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उनकी अमर्यादित भाषा ही उनकी हताशा को दर्शा रही है। अपनी कुर्सी खतरे में देख मुख्यमंत्री बदले की भावना से काम कर रहे हैं। उन्हें नैतिकता के आधार पर स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए।
मोदी ने हिमाचल को 7000 करोड़ की सौगात दी : परमार
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री ने प्रदेश को लगभग 7000 करोड़ की सौगात दी है। इनमें हमीरपुर बाईपास, सिहुनी से राजोल खंड, एनएच-154 (पैकेज-एक), थानपुरी से परौर खंड और एनएच-154 (पैकेज-एक) प्रमुख रूप से ध्यान केंद्रित करते हुए कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को बड़ी सौगात है। यह सभी मार्ग कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी और शिमला सभी संसदीय क्षेत्र को लाभदायक साबित होंगे। इस फोरलेन को बनाने में 4,759 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। 69 किलोमीटर लंबे फोरलेन को बनाने में कंपनी को करीब चार साल लगे।