सरकार ने जारी किया छुट्टियों का कैलेंडर, अगले साल रविवार को आएंगे इतने त्योहार
हिमाचल में अगले साल कर्मचारियों को अपेक्षाकृत कम छुट्टियां मिलेंगी। साल 2019 में आठ त्योहार रविवार के ही दिन आ रहे हैं। लोहड़ी, दिवाली, बसंत पंचमी और अष्टमी जैसे पर्व संडे के दिन होने से कर्मचारियों को अतिरिक्त छुट्टी नहीं मिलेगी।
इसके अलावा रक्षाबंधन की छुट्टी के दिन ही 15 अगस्त आएगा। ऐसे में अगले साल कर्मचारियों को सैर-सपाटे के लिए पैकेज बनाने में मुश्किल हो सकती है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2019 के लिए छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है।
सचिवालय सामान्य प्रशासन की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार साल 2019 में रविवार को आने वाली छुट्टियों में 13 जनवरी को लोहड़ी, 10 फरवरी को बसंत पंचमी, 14 अप्रैल को आंबेदकर जयंती, 21 अप्रैल को ईस्टर डे की छुट्टी शामिल है। इसके बाद वीरवार 15 अगस्त को छुट्टी के दिन ही रक्षाबंधन है, इसलिए रक्षाबंधन की छुट्टी भी खत्म हो गई।
6 अक्तूबर को महाअष्टमी, 13 अक्तूबर को वाल्मीकि जयंती, 27 अक्तूबर को दिवाली, 24 नवंबर को गुरुतेग बहादुर शहीद दिवस भी रविवार के ही दिन आएगा।
23 दिन होंगे सार्वजनिक अवकाश
वर्ष 2019 में गजेटियर (सार्वजनिक अवकाश) छुट्टियां 23 हैं। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट 1881 के तहत होने वाली छुट्टियां 16 रहेंगी, जबकि वैकल्पिक अवकाश 12 रहेंगे।
15 अगस्त को महिलाएं कर सकेंगी मुफ्त बस यात्रा
15 अगस्त को रक्षाबंधन आने के कारण महिलाएं इस दिन एचआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा कर पाएंगी, जबकि करवाचौथ 17 अक्तूबर वीरवार को और भैयादूज 29 अक्तूबर मंगलवार को आया है।