देह व्यापार में पकड़े जाने पर अब इन पर भी होगी कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवभूमि में बढ़ते देह व्यापार पर अंकुश लगाने को हिमाचल पुलिस सख्त रुख अख्तियार करेगी। पुलिस ने प्रदेश के सभी होटल, गेस्ट हाउस, सराय मालिकों और प्रबंधनों को चेतावनी दी है कि अब अगर किसी होटल में वेश्यावृत्ति पकड़ी गई तो उस होटल को सीजकर मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
देवभूमि में बढ़ते जिस्म फरोशी के धंधे से प्रदेश की छवि खराब हो रही है। पुलिस ने हाल ही में मनाली में एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। कई युवतियों को कई लोगों के साथ पकड़ा गया था। धर्मशाला और शिमला में भी सेक्स रैकेट पकड़े थे। सेक्स रैकेट में होटल संचालकों की मिलीभगत की बात सामने आ रही थी।
हालांकि, कोई ठोस सबूत न होने से पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया था। पुलिस के आला अधिकारी अब हर जिले में होटल मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें वेश्यावृत्ति रोकने के लिए हिदायत देने में जुटे हैं।
शक हो तो पुलिस को दें सूचना
हाल ही में एडीजीपी कानून व्यवस्था संजय कुंडू ने मनाली में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस धंधे पर अंकुश लगाने को निर्देश दिए थे। एडीजीपी ने बताया कि होटल मालिकों को साफ तौर पर ताकीद की जा रही है कि अगर उनके होटल में वेश्यावृत्ति पकड़ी गई तो होटल सीज करने के साथ ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एडीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि होटल मालिकों को चेतावनी के साथ हिदायत दी जा रही है कि वह खुद भी सजग रहें। अगर किसी व्यक्ति पर किसी तरह का शक हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने के बाद अगर कोई मामला सामने आता है तो सिर्फ पकड़े गए लोगों पर कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अगर पुलिस ने अपनी सूचना पर कोई रैकेट पकड़ा तो होटल मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह कवायद हिमाचल की छवि को बचाने के लिए शुरू की है। दरअसल, देश के कुछ फैमिली टूरिस्ट स्पॉट में हिमाचल का नाम आता है। परिवार के साथ आने वालों की संख्या लाखों में होती है। ऐसे में देवभूमि का नाम गलत चीजों के लिए चर्चित न हो जाए, इसके लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है।