HP Police Result: कांगड़ा पुलिस भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित, 245 युवा पहनेंगे खाकी, 48 पद रह गए खाली
कांगड़ा पुलिस ने कांस्टेबल भर्ती का अंतिम परिणाम घोषित किया है। इसमें पुरुषों के 38, महिलाओं के सात और चालकों के तीन पद खाली रहे। वहीं, होमगार्ड और स्पोर्ट्स कोटे के लिए पात्र अभ्यर्थी ही नहीं मिले।
विस्तार
धर्मशाला पुलिस विभाग ने शनिवार देर रात जिला कांगड़ा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के 293 पदों पर ली गई परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। जिले में 245 युवा खाकी वर्दी पहनेंगे, जबकि 48 पद खाली रह गए हैं। इनमें से पुरुषों के
38, महिलाओं के 7 और चालकों के 3 पद रिक्त हैं। अंतिम परिणाम में पुरुष अभ्यर्थियों के 205 पदों में से 167 पर ही अभ्यर्थी मिले हैं। वहीं महिलाओं के 68 पदों पर 61 पदों पर भर्ती हुई है, जबकि 7 पद रिक्त रहे हैं। वहीं चालकों के 20 पदों के लिए ली गई परीक्षा में 17 पदों पर पात्र अभ्यर्थी मिले हैं, जबकि 3 पद खाली रहे हैं।
यह रिक्त पद होमगार्ड और स्पोर्ट्स कोटे के तहत भरे जाने थे, जिन पर पुलिस विभाग को पात्र अभ्यर्थी नहीं मिले हैं। एसपी डॉक्टर खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से कांस्टेबल पदों को भरने के लिए ली गई लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान होमगार्ड और स्पोर्ट्स कोटे के तहत कुछ पद रिक्त रहे हैं , जिन पर पात्र अभ्यर्थी नहीं मिले हैं।
10 जुलाई को घोषित हुआ परिणाम
इस परीक्षा का परिणाम पुलिस विभाग ने 10 जुलाई को घोषित किया था, जिसमें 2925 अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया था। इसके बाद 18 से लेकर 23 जुलाई तक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान 2203 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जबकि 722 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। इसके अलावा सात अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही न पाए जाने के कारण उनकी पात्रता को रद्द किया गया था, जबकि 2196 के करीब अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया था।