सिपाही भर्ती: साक्षात्कार में दिए गए अंकों से नहीं हो सकेगी अब छेड़छाड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया और फिर शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंकों को दर्ज करने की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने वाली पुलिस ने सिपाही भर्ती में एक और अभूतपूर्व कदम जोड़ दिया है। लिखित परीक्षा में पास होने वाले अभ्यर्थियों को जब इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा तो उनके अंक कागज की शीट के बजाय सीधे इंटरव्यू ले रही भर्ती कमेटी के लिए बने पोर्टल पर ही दर्ज किए जाएंगे।
हर कमेटी का हर सदस्य अलग अलग बैठेगा और अपने हिसाब से अभ्यर्थी को अंक देगा। इससे न तो किसी दूसरे सदस्य को साथी सदस्य के दिए अंकों की जानकारी हो पाएगी और न ही उसमें बदलाव की संभावना रहेगी। जाहिर है इस पारदर्शी प्रक्रिया को अपना जाने के बाद इंटरव्यू के दौरान अंकों में बदलाव की संभावना भी पूरी तरह शून्य हो जाएगी। आईजी ट्रेनिंग हिमांशु मिश्र ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए बनाए गए पोर्टल पर सभी जिलों की भर्ती कमेटियों के सदस्यों के लॉगइन बनाए गए हैं।
लॉगइन करने के बाद कमेटी के चेयरमैन और सदस्य अभ्यर्थी से पूछे सवाल और उसके जवाब के आधार पर हर अभ्यर्थी के लिए अपने अंक देंगे। इन अंकों को सिर्फ पुलिस मुख्यालय देख सकता है लेकिन वह भी बदल नहीं सकता। इसके अलावा एक बार दर्ज किए गए अंक को खुद भर्ती कमेटी का चेयरमैन या सदस्य भी नहीं बदल सकता। इससे इंटरव्यू में पारदर्शिता आएगी और उसकी बदौलत भर्ती प्रक्रिया के इस चरण में उठने वाले सवालों को भी खत्म किया जा सकेगा।
हर पद के लिए बुलाए जाएंगे तीन अभ्यर्थी
रविवार को हुई परीक्षा के बाद सोमवार को सभी जिलों के एसपी खुद सुरक्षा के बीच उत्तर वाली ओएमआर शीट लेकर पहुंच गए। इसके बाद अब पुलिस मुख्यालय ने शीटों में दर्ज अभ्यर्थियों के उत्तरों की चेकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लिखित परीक्षा का परिणाम इस हफ्ते के अंत तक आ सकता है। इसके बाद इंटरव्यू के लिए सिपाही भर्ती के हर पद के सापेक्ष तीन अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किया जाएगा। इन अभ्यर्थियों की लिस्ट मेरिट के आधार पर तय की जाएगी।