कोविड सेंटर से डिस्चार्ज बुजुर्ग को सड़क किनारे ही छोड़ गई एंबुलेंस
कोरोना पॉजिटिव आने के बाद करीब 10 दिन से धर्मशाला अस्पताल में दाखिल रहे वतन सिंह (80) को स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस उनके घर के समीप जसूर (तलवाड़ा रोड) स्थित सड़क के किनारे बजरी के ढेर के पास उतारकर चली गई। विभाग ने इसकी जानकारी न तो वतन सिंह के परिजनों और न ही संबंधित पंचायत प्रधान को दी। वतन सिंह के स्वास्थ्य की स्थिति क्या है व अस्पताल में दाखिल होने के 10 दिन बाद कोरोना मुक्त हो चुके हैं या नहीं, इस बारे में भी स्वास्थ्य विभाग ने कोई जानकारी उनके परिवार को नहीं दी।
विस्तार

हालांकि, कोविड केयर सेंट धर्मशाला में उनके बेटे को विभाग ने आश्वासन दिया था कि इनके स्वास्थ्य और घर भेजने के समय फोन पर जानकारी दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। जसूर में सड़क किनारे बुजुर्ग को देखकर वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति से परिजनों और सामाजिक कार्यकर्ता यशपाल सिंह को जानकारी दी, लेकिन वतन सिंह के पास डिस्चार्ज की रिपोर्ट नहीं थी। यशपाल ने स्थानीय प्रशासन के ध्यान में मामला लाया और बुजुर्ग को सड़क के किनारे उतारने की बात कही।
साथ ही कोविड केंद्र से वापस भेजने के बारे में जानकारी मांगी। प्रशासन ने कोविड केंद्र व जिला स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर वतन सिंह का स्वास्थ्य का ब्योरा मांगा तो विभाग ने उनके संक्रमणमुक्त होने की बात कही। यशपाल ने सरकार से इस लापरवाही की जांच की मांग की है।
क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के एमएस राजेश गुलेरी ने कहा कि पॉजिटिव मरीज को ठीक होने के बाद पूरे प्रोटोकाल के हिसाब से घर भेजा गया है। गलती कहां हुई है, इसकी जांच की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी और धर्मशाला प्रशासन से संपर्क करने पर बताया गया कि नई गाइडलाइंस के तहत कोविड-19 मरीज को कोविड केयर सेंटर में 17 की बजाय 10 दिन रखा जा रहा है। वतन सिंह को स्वास्थ्य की जानकारी स्थानीय पंचायत को देकर उसके घर पहुंचाया गया है। - डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम नूरपुर