सीएम जयराम ने दिया झटका, पूर्व कांग्रेस सरकार के कॉलेजों की अधिसूचनाएं रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के जंजैहली में एसडीएम ऑफिस की अधिसूचना रद्द करने से उठा विवाद थमा ही था कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने वीरभद्र कार्यकाल में शुरू हुए दो बहुतकनीकी कॉलेजों की अधिसूचनाएं भी रद्द कर दीं हैं। सरकार के इस फरमान से करसोग के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने फैसला वापस न लेने की सूरत में प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
मंडी जिले के करसोग और कुल्लू के दलाश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये इन संस्थानों के खोलने का एलान किया था। अब जयराम सरकार ने बिना बजट घोषणाओं का हवाला देते हुए इन दोनों संस्थानों की अधिसूचनाओं को रद्द कर दिया है। तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव ने 12 मार्च को इस बारे में फरमान जारी कर दिए हैं।
उपनिदेशक तकनीकी शिक्षा विभाग सुंदरनगर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बजट के प्रावधान के बिना इन कॉलेजों की अधिसूचना जारी हुई थी। जमीन भी संबंधित विभाग के नाम नहीं है। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने से ठीक पहले करसोग में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तत्कालीन मुख्यमंत्री ने 4 अक्तूबर 2017 को दोनों कॉलेजों की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने दिया था आश्वासन
हफ्ते भर पहले ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधायक किशोरी लाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को कुल्लू के दलाश कॉलेज की अधिसूचना रद्द न करने का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह स्वयं कॉलेज का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री के आश्वासन के एक सप्ताह के भीतर ही तकनीकी शिक्षा विभाग ने अधिसूचना रद्द कर दी।
युवाओं के सपनों पर फिरा पानी: मनसा राम
पूर्व कांग्रेस सरकार के सीपीएस मनसा राम ने कहा कि जयराम सरकार ने अधिसूचना रद्द करके युवाओं के सपनों पर पानी फेरा है। अब क्षेत्र से 120 किलोमीटर दूर शिमला या सुंदरनगर में युवाओं को तकनीकी शिक्षा पाने के लिए जाना होगा।
बिना बजट खोला था कॉलेज : विधायक
करसोग से भाजपा विधायक हीरा लाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिना बजट शिक्षण संस्थान का वीडियो कांफ्रेंसिंग से शुभारंभ कर दिया था। इसके चलते यह अधिसूचना रद्द हुई है।
वीरवार को मुख्यमंत्री के साथ करसोग के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल मिलेगा, जिसमें कॉलेज को लेकर बातचीत होगी। हमें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री कोई सही निर्णय लेंगे।