सरकारी स्कूलों की सूरत सुधारने को सरकार ने उठाया बड़ा कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकारी स्कूलों की सूरत सुधारने को सरकार चंदा देने के लिए पोर्टल बनाने जा रही है। राजस्थान में शुरू किए गए ज्ञान संकल्प पोर्टल की तर्ज पर हिमाचल में भी पोर्टल बनाने की तैयारी है। इसके माध्यम से लोग सरकारी स्कूलों को ऑनलाइन दान दे सकेंगे। विधानसभा के शीत सत्र के बाद शिक्षा विभाग इस पोर्टल को शुरू करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। सरकार से मंजूरी मिलती है तो नए साल से सरकारी स्कूलों को दान देने के लिए नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।
राजस्थान में ज्ञान संकल्प पोर्टल पर सरकारी स्कूलों को ऑनलाइन आर्थिक सहयोग करने के पारदर्शी विकल्प के चलते लोगों ने काफी मदद दी है। ज्ञान संपर्क पोर्टल से स्कूलों को सहयोग की प्रक्रिया का सरलीकरण भी हो गया है। शिक्षा विभाग की ओर से तैयार किए गए प्रस्ताव के तहत ज्ञान संकल्प पोर्टल पर व्यक्ति और संस्था स्कूल की भौतिक सुविधाओं के विस्तार से लेकर भवन निर्माण तक का सहयोग कर सकते हैं।
यह सारी प्रक्रिया ऑनलाइन है। पोर्टल के माध्यम से स्कूलों को धनराशि दान करने वालों को आयकर में छूट भी दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने इस पोर्टल को अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती योजना से जोड़ने का फैसला लिया है। ऐसे में सरकारी स्कूलों से पढ़कर सरकारी और निजी क्षेत्रों में अच्छे पदों पर नियुक्त लोगों को इस पोर्टल के प्रति जागरूक किया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई लोग सरकारी स्कूलों को दान देने के इच्छुक होते हैं, लेकिन सही प्लेटफार्म और पारदर्शी विकल्प नहीं मिलने के चलते दान नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में विभाग ने अब पोर्टल तैयार करने का फैसला लिया है।