हिमाचल के 54 कस्बों में नहीं रहेगी बिजली किल्लत, सरकार शुरू कर रही ये योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के 54 शहरों और कस्बों में रहने वाले लोगों को जल्द ही 24 घंटे बिजली सप्लाई की सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल में बिजली किल्लत को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा। मंगलवार को जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर केंद्र की महत्वाकांक्षी एकीकृत ऊर्जा विकास योजना का शुभारंभ करेंगे।
इस योजना के तहत प्रदेश के 54 शहरों और कस्बों में करीब 110 करोड़ रुपये खर्च कर बिजली के ढांचे को मजबूत किया जाएगा। राज्य बिजली बोर्ड के उपनिदेशक जनसंपर्क अनुराग पराशर ने बताया कि योजना के तहत राज्य सरकार सभी के लिए हर वक्त बिजली सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी।
योजना के तहत उप संचरण नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना में उप संचार लाइनों एवं विद्युत वितरण ढांचे का सुदृढ़ीकरण, 33 और 22 केवी विद्युत उपकेंद्रों सहित लाइनों का निर्माण और संवर्धन, मॉनीटरिंग, विद्यमान उपकेंद्रों एवं लाइनों का नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण, उपभोक्ता सेवाओं की स्थापना, रुफ टॉप सोलर परियोजना की स्थापना और स्मार्ट एवं नेट मीटर से संबंधित कार्य शामिल हैं।
इन शहरों में मिलेगी सुविधा
जिला बिलासपुर में घुमारवीं, तलाई, नैणादेवी, बिलासपुर, जिला चंबा में डलहौजी, बखलोह, चौरासी खास, चंबा, जिला हमीरपुर में सुजानपुर टीहरा, नादौन, हमीरपुर, भोटा, जिला कांगड़ा में नूरपुर, धर्मशाला, योल, कांगड़ा, नगरोटा बगवां, देहरा गोपीपुर, ज्वालामुखी, पालमपुर, जिला कुल्लू में मनाली, कुल्लू, भुंतर, बंजार, जिला मंडी में जोगिंद्रनगर, सरकाघाट, सुंदरनगर, मंडी, रिवालसर, जिला
शिमला में रामपुर, नारकंडा, सुन्नी, शिमला, ठियोग, चौपाल, जुब्बल, कोटखाई, रोहड़ू, जिला सिरमौर में राजगढ़, नाहन, पांवटा साहिब, जिला सोलन में अर्की, नालागढ़, बद्दी, कसौली, परवाणू, डगशाई, सोलन, सुबाथू और जिला ऊना में दौलतपुर, गगरेट, ऊना, मैहतपुर और संतोषगढ़ को इस योजना के तहत शामिल किया गया है।
जिला कांगड़ा में खर्च होंगे 14.27 करोड़
विद्युत वृत्त कांगड़ा के तहत आने वाले आधा दर्जन शहरों धर्मशाला, योल, कांगड़ा, नगरोटा बगवां, पालमपुर और देहरा के शहरी क्षेत्रों में विद्युत वितरण प्रणाली के बुनियादी ढांचे के उन्नयन और निर्माण के लिए 14.27 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृत किया गया है।
इस योजना में 3.42 करोड़ रुपये की लागत से नगरोटा बगवां शहर के तहत 7.1 किलोमीटर नई 11 केवी लाइन, 18.9 किलोमीटर एलटी लाइन और 3 नए विद्युत वितरण ट्रांसफार्मरों का निर्माण और 4 विद्युत वितरण ट्रांसफार्मरों का संवर्धन किया जाना है। 8 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल का प्रावधान भी इस योजना में रखा गया है।