फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Himachal: Gang busted in Janki Das murder case; two shooters injured in encounter, main accused arrested along

Himachal: जानकी दास हत्याकांड में गैंग का भंडाफोड़, दो शूटर एनकाउंटर में घायल, मुख्य आरोपी सहित छह गिरफ्तार

Thu, 18 Jun 2026 10:03 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़/सांबा/शिमला।
अमर उजाला नेटवर्क, चंडीगढ़/सांबा/शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Thu, 18 Jun 2026 10:03 PM IST
सार

सांबा पुलिस ने हत्याकांड में शामिल गैंग का भंडाफोड़ किया है। इसमें मुख्य आरोपी शराबी समेत छह गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन
Himachal: Gang busted in Janki Das murder case; two shooters injured in encounter, main accused arrested along
एनकाउंटर के बाद माैके पर जांच करती पुलिस, सड़क पर पड़े कारतूस और पिस्ताैल। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

 चंडीगढ़ के सेक्टर-11 के श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या जेल में बंद गैंगस्टर रोहित कुमार उर्फ माखन के इशारों पर की गई थी। माखन ने अमित कुमार उर्फ शराबी को इसकी जिम्मेदारी दी थी। शराबी ने इसे अंजाम दिया। सांबा पुलिस ने हत्याकांड में शामिल गैंग का भंडाफोड़ किया है। इसमें मुख्य आरोपी शराबी समेत छह गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। सांबा पुलिस ने मामले में चंडीगढ़ पुलिस से मिले इनपुट के बाद काम शुरू किया। जांच में सामने आया कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर में रंगदारी व आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोह ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज की। चंडीगढ़ पुलिस ने बीते बुधवार हत्याकांड में शामिल बढोढी (बाड़ी ब्राह्मणा) निवासी सनी मेहरा और बाईपास कुंजवानी (जम्मू) निवासी आर्यन शर्मा को राजोरी से गिरफ्तार किया है।

विज्ञापन



 

निशानदेही पर मिले हथियार व नकदी

दोनों से पूछताछ के बाद गैंग का खुलासा हुआ। इसमें पता चला कि गैंगस्टर रोहित कुमार उर्फ माखन के पंजाब के गैंगस्टर के साथ संपर्क हैं। वह पहले भी इस तरह की वारदात को अंजाम देता रहा है। इसके बाद सांबा पुलिस ने अमित कुमार उर्फ शराबी, अजय कुमार दोनों निवासी सांबा, मानिक सनहोत्रा निवासी रामगढ़ और विवेक मेहरा निवासी चक मंगा रकवाल को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के बाद पता चला की शराबी इस नेटवर्क का सरगना है और विभिन्न आपराधिक वारदात में उसकी भूमिका भी सामने आई। एसएसपी अनुज कुमार के अनुसार, गैंग में शामिल अन्य फरार सहयोगियों व नेटवर्क की पहचान की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर हथियार व गोला बारूद भी बरामद किया है। इसमें एके-47 मैगजीन, एके-47 के 38 कारतूस, दस पिस्तौल के कारतूस, दो देसी पिस्तौल, एक कट्टा, एक टोका और 18 हजार रुपये नकदी शामिल है।

विज्ञापन
विज्ञापन

दो शूटर एनकाउंटर में घायल, भागने की कोशिश नाकाम

उधर, कैशियर जानकी दास की दिनदहाड़े हत्या के मामले में गुरुवार को नाटकीय घटनाक्रम सामने आया। जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लाए जा रहे दो शूटरों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की जिसके बाद धनास के जंगलों के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया। घायल आरोपियों में जम्मू के सांबा का रहने वाला 22 वर्षीय सनी मेहरा और राजोरी निवासी 19 वर्षीय आर्यन शर्मा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सनी मेहरा ही वह मुख्य शूटर है जिसने 13 जून को सेक्टर-11 में कैशियर जानकी दास पर जिगाना पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। वारदात के दौरान आर्यन उसकी मदद कर रहा था और बाइक चलाकर दोनों को मौके से भगाने में शामिल था। मामले का तीसरा आरोपी अमित उर्फ साहिल अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है।

विज्ञापन

धनास के जंगलों के पास पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने पर आरोपियों ने किया भागने का प्रयास

आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को बुधवार शाम करीब 7.30 बजे जम्मू क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद तीनों आरोपी चोरी की पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल पर कजहेड़ी पहुंचे, वहां कपड़े बदले और फिर सेक्टर-43 बस अड्डे से दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली से ट्रेन के जरिये वे जम्मू-कश्मीर पहुंच गए थे। पुलिस के मुताबिक गुरुवार तड़के करीब साढ़े चार बजे टीम दोनों आरोपियों को लेकर चंडीगढ़ पहुंच रही थी। इसी बीच धनास के जंगलों के पास पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि दुर्घटना के दौरान एक सरकारी हथियार आरोपियों के हाथ लग गया। सनी मेहरा और आर्यन शर्मा ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सनी मेहरा के बाएं पैर में दो गोलियां और आर्यन शर्मा के दाएं पैर में एक गोली लगी। दोनों को तुरंत जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया। हालांकि, मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।


 

धमकी देना अपराधियों का काम, उन्हें निपटाना हमारा : आईजी

जानकी दास हत्याकांड के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और गैंगस्टरों की बढ़ती धमकियों को लेकर उठ रहे सवालों पर आईजी पुष्पेंद्र कुमार ने सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धमकी देना अपराधियों का काम है, उन्हें निपटाना हमारा काम है। आईजी ने बताया कि हत्या के बाद शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बाजारों, प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। साथ ही शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक तत्व को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed