Himachal: चार दशकों का इंतजार खत्म, रेणुका बांध का काम शुरू; ढाई साल में बनेंगी तीन टनल
डेढ़-डेढ़ किलोमीटर लंबी तीन सुरंगों के निर्माण पर 910.08 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
विस्तार
राष्ट्रीय महत्व की बहुआयामी रेणुकाजी बांध परियोजना की सुरंगों के निर्माण की प्रक्रिया वीरवार को शुरु हो गई है। डेढ़-डेढ़ किलोमीटर लंबी तीन सुरंगों के निर्माण पर 910.08 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वीरवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रेणुका के विधायक विनय कुमार ने भूमि पूजन कर सुरंगों के निर्माण का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि परियोजना के निर्माण से प्रभावित होने वाले परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित मुआवजे के भुगतान के साथ-साथ उनकी हर मांग को पूरा किया गया है। जो मांगें शेष बची भी हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल क्षेत्र के लोगों के विकास में एक नया अध्याय शुरू करेगी।
साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व समृद्धि के नए अवसर भी प्रदान करेगी। रेणुका बांध परियोजना के अतिरिक्त महाप्रबंधक (एजीएम) अरुण कपूर ने बताया कि परियोजना के निर्माण को लेकर फेज -1 का कार्य शुरू हो गया है और फेज -2 का कार्य भी जून तक शुरू होने की संभावना है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने बताया कि फेज -वन में करीब 4500 मीटर की तीन डायवर्जन टनल (सुरंगों) का निर्माण किया जाऐगा। इसके निर्माण का जिम्मा मुंबई की कंपनी पटेल इंजीनियर (पीईपीएल) को सौंपा गया है। तीनों सुरंगों के निर्माण पर 910.08 करोड रुपये की राशि खर्च होगी। इनका निर्माण कार्य 30 महीने की अवधि में पूरा होगा।
दूसरे फेज में 148 मीटर ऊंचे रॉकफिल बांध के निर्माण का कार्य पूरा किया जाएगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। रेणुका बांध परियोजना के निर्माण से राजधानी दिल्ली के लोगों को पीने के पानी की एकमुश्त आपूर्ति होगी। इस मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी दयानंद भारती, डीजीएम दिनेश शर्मा, कुलदीप पाटिल, सुनील सैनी, प्रशांत शर्मा, डीएफओ रेणुका बीआर कंडेटा, तहसीलदार ददाहू जयसिंह ठाकुर, डीएसपी सुनील राणा, वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप महेरा, कपिल दत्त शर्मा, सुनील गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तपेंद्र चौहन, मित्र सिंह तोमर और पंकज गर्ग मौजूद रहे।