बिजली बोर्ड के सरप्लस स्टाफ को इस माह से नहीं मिलेगा वेतन
बिजली बोर्ड के विभिन्न दफ्तरों में नियुक्त 700 से अधिक सरप्लस स्टाफ को नवंबर महीने से वेतन नहीं मिलेगा। त्योहारी सीजन के चलते बोर्ड प्रबंधन ने इन अधिकारियों और कर्मचारियों को अक्तूबर महीने का वेतन जारी कर दिया है।
बोर्ड प्रबंधन ने पहले अक्तूबर महीने से वेतन रोकने का फैसला लिया था। बोर्ड के प्रबंध निदेशक ने मुख्यालय सहित सभी फील्ड कार्यालयों को नवंबर से सरप्लस स्टाफ को वेतन जारी नहीं करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
राज्य बिजली बोर्ड में कर्मचारियों और अधिकारियों का युक्तिकरण करते हुए बोर्ड प्रबंधन ने यह फैसला लिया है। प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में सेवाएं देने की जगह शहरों में ही टिके सरप्लस स्टाफ पर शिकंजा कसने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार बिजली बोर्ड के दुर्गम क्षेत्रों में स्थित दफ्तरों में स्टाफ की भारी कमी है जबकि शहरों और उसके आसपास के दफ्तरों में सरप्लस स्टाफ नियुक्त है। सरप्लस स्टाफ के तबादले होने के बावजूद ये कर्मी ऐडजस्टमेंट करवा लेते हैं। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सरकार ने युक्तिकरण का फैसला लिया है।