Himachal Politics: राजेंद्र राणा की रैली में नहीं पहुंचीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा, जानें पूरा मामला
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने चुनाव प्रचार का शंखनाद करने के उद्देश्य से गुरुवार को सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में जन संकल्प रैली का आयोजन किया। रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह नहीं पहुंचीं। उनका कार्यक्रम में न पहुंचना पंडाल में उपस्थित लोगों के बीच काफी चर्चा का विषय रहा। राजेंद्र राणा की गिनती वीरभद्र परिवार के करीबियों में होती रही है, लेकिन प्रतिभा सिंह की अनुपस्थिति प्रदेश कांग्रेस के साथ हमीरपुर भाजपा में चर्चा का विषय बन गई। उधर, सुजानपुर क्षेत्र में कुछ दिन पहले लगाए गए पोस्टरों से भी प्रतिभा सिंह का फोटो गायब था। इसको लेकर भी काफी चर्चाएं हुई थीं। बिलासपुर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर भी कार्यक्रम में पहुंचे। उनका बिलासपुर के कांग्रेसी ही विरोध कर रहे हैं।
श्री नयनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर और पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी खुले मंच से बंबर ठाकुर का विरोध कर चुके हैं। बावजूद इसके बंबर की राजेंद्र राणा के कार्यक्रम में उपस्थिति ने कई संकेत दे दिए हैं। कार्यक्रम में पहुंचते ही चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य सुखविंद्र सुक्खू जिंदाबाद के नारों से पंडाल गूंज उठा। लंबे समय बाद सुक्खू समर्थकों के साथ सुजानपुर पहुंचे। सुजानपुर के कांग्रेस पदाधिकारी कुछ दिन पहले न्योता देते समय कह रहे थे कि रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आएंगी, लेकिन यह शगूफा ही निकला। कार्यक्रम में सुरक्षा कर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मीडिया कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया। उधर, कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली में हैं। व्यस्तता के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाईं।