कोरोना: हिमाचल में चार संक्रमितों की मौत, 24 घंटों में 191 नए मामले, दूसरी डोज के लिए लोगों को भेजे एसएमएस
हिमाचल प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3669 पहुंच गया है। अब तक कोरोना के 219591 मामले आ चुके हैं। इनमें से 214496 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1409 रह गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 250 मरीज ठीक हुए हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में सोमवार को चार और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो गई है। मरने वालों में हमीरपुर की 70 वर्षीय महिला व 59 वर्षीय पुरुष, जबकि कांगड़ा के 80 वर्षीय बुजुर्ग व 70 वर्षीय संक्रमित महिला शामिल हैं। वहीं, प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 191 नए मामले आए हैं। प्रदेश में कोरोना मृतकों का आंकड़ा 3669 पहुंच गया है। अब तक कोरोना के 219591 मामले आ चुके हैं। इनमें से 214496 ठीक हो चुके हैं। कोरोना सक्रिय मामले 1409 रह गए हैं। इसमें से बिलासपुर जिले में 102, चंबा 27, हमीरपुर 358, कांगड़ा 360, किन्नौर 23, कुल्लू 38, लाहौल-स्पीति सात, मंडी 199, शिमला 131, सिरमौर छह, सोलन 59 और ऊना में 99 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 250 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना की जांच के लिए 7417 लोगों के सैंपल लिए गए।
ये भी पढ़ें: मौसम: हिमाचल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी, धर्मशाला-कुल्लू में झमाझम बारिश
वहीं, कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज में भी देश में पहला स्थान प्राप्त करने के लिए सरकार ने पात्र व्यक्ति को एसएमएस भेजने शुरू कर दिए हैं। सरकार ने 30 नवंबर को दूसरी डोज पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बीते दो दिनों में 8,45,378 पात्र लोगों को कोविड -19 वैैक्सीन की दूसरी खुराक लगवाने के लिए एसएमएस भेजे गए हैं, ताकि दूसरी खुराक लगाने के लक्ष्य को भी निर्धारित समय में हासिल किया जा सके।
स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि टीकाकरण अभियान में प्रदेश में 50 फीसदी से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लग चुकी है। पात्र आबादी को दूसरी खुराक लगाने के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति बना टीकाकरण अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को वैैक्सीन की दूसरी खुराक लगाने के लिए निर्धारित लक्ष्य 55 लाख 23 हजार के मुकाबले अब तक 27,82,030 लोगों को दूसरी खुराक लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पहली खुराक लगाने के लक्ष्य को हासिल करने में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब वैक्सीन की दूसरी खुराक लगाने में भी सबसे पहले यह लक्ष्य हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।