बूथ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, पार्टी ने लिया ये फैसला
लोकसभा चुनाव में जहां कांग्रेस के चारों प्रत्याशी बुरी तरह से हार का मुंह देख चुके हैं, वहीं प्रदेश में कई बूथ ऐसे भी हैं जहां पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे बूथों में जिम्मेदारी संभालने वाले निष्ठावान और समर्पित नेताओं को पार्टी में पद देने की तैयारी की जा रही है।
दूसरी ओर पार्टी के जिन पदाधिकारियों के बूथों में कांग्रेस के वोट कम हुए हैं, उन पदाधिकारियों के पर कतरने की तैयारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक चुनाव में जिन प्रभारियों के बूथों में कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा है, उनको पार्टी पदों से नवाजा जाना तय है।
ऐसे नेताओं को कद के अनुसार पद दिया जाना है। जिन पदाधिकारियों के बूथों में बेहतर प्रदर्शन नहीं है, उनके पदों को छीना जाएगा जिससे पार्टी के निष्ठावान नेताओं और कार्यकर्ताओं को नए सिरे से दायित्व सौंपे जा सकें।
जो पदाधिकारी तैनात करने के बावजूद प्रचार में भी नहीं गए हैं, उनके पदों को भी छीना जाना है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जिन प्रभारियों के बूथों से कांग्रेस को बढ़त मिली है, उनको पार्टी पद देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ सके।
राठौर को एक हफ्ते में रिपोर्ट सौंपेगी जांच कमेटी
सोशल मीडिया में अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ पोस्ट डालने और टिप्पणियां करने के मामले में प्रदेश कांग्रेस की चार सदस्यीय टीम ने जांच शुरू कर दी है। यह कमेटी एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर को सौंपेगी।
कमेटी में अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल, प्रेस सचिव बलदेव ठाकुर, सोशल मीडिया के संयोजक राजेंद्र शर्मा और राजेंद्र वर्मा को शामिल किया गया है। राठौर ने कहा कि अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट मिलने के बाद गुण-दोष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हिमराल ने बताया कि राठौर ने जांच का जिम्मा उन्हें सौंपा है। पूरे मसले की जांच बारीकी से शुरू कर दी गई है।