अब परिवार के साथ विदेश जाकर तरोताजा होकर आएं सुक्खू : राठौर
प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि तीन दिन पहले उनकी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ मुलाकात हुई है। इस मुलाकात में उन्होंने सुक्खू से कहा कि संगठन में बहुत शोरशराबा हो गया। अब वह परिवार समेत विदेश जाएं और तरोताजा होकर लौटें।
साथ मिलकर बहुत लड़ाई लड़नी है। सुक्खू के कार्यकर्ता भी हमारे साथ चलेंगे। पार्टी को जोड़ने का प्रयास करेंगे न कि तोड़ने का। राठौर ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स और सुक्खू से कहा है कि बयानबाजी से पार्टी को नुकसान होता है।
अब बयानबाजी को बंद करना होगा। राठौर ने कहा कि सुक्खू उनके छोटे भाई की तरह हैं। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाने में मेरी भूमिका रही है। राठौर ने कहा कि जब वह एनएसयूआई अध्यक्ष थे तो सुक्खू को सरकारी कॉलेज में एससीए पद पर खड़ा किया।
अब बंद कमरों में नहीं होगी बैठक
इसके बाद एनएसयूआई और बाद में युकां का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। राठौर ने कहा कि परंपरा रही है कि जो व्यक्ति राजनीति में जिस सीढ़ी से चढ़ते हैं, पिछली सीढ़ी तोड़ते हैं। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
वह जिस सीढ़ी पर चढ़े हैं, हाथ पकड़कर दूसरे आदमी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। राठौर ने कहा कि उन्होंने टिकट के लिए कभी आवेदन नहीं किया। अगर चाहते तो पंद्रह-बीस साल पहले विधायक बन जाते।
राठौर ने कहा कि अब प्रदेश कार्यालय शिमला में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठकें नहीं होंगी। बंद कमरे में एक-दूसरे की केवल तारीफ होती है और घर जाकर सभी सो जाते हैं।
उनके अध्यक्ष बनने के बाद 10 से 15 सालों तक घर में बैठे कार्यकर्ता भी अब पार्टी कार्यक्रमों में पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी कहा है कि पुरानी प्रथा को बंद कर दें। कोई बड़े नेता का करीबी ही क्यों न हो, तो मीडिया में गया उस पर कार्रवाई होगी।