Himachal By Election Voting: तीन विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में 70.73% मतदान, नतीजे 13 को
हिमाचल में बुधवार 10 जुलाई को तीन विधानसभा क्षेत्रों में 70.73 प्रतिशत मतदान हुआ। 13 जुलाई को मतगणना के बाद शाम तक नतीजे घोषित किए जाएंगे। कहां कितना हुआ मतदान खबर में जानें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव के लिए बुधवार को 70.73% मतदान हुआ। सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक लगभग 79.04%, हमीरपुर में 67.72 और देहरा में 65.42 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। देहरा विधानसभा क्षेत्र से दो महिलाएं कांग्रेस से सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर और निर्दलीय सुलेखा देवी समेत 13 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया। 13 जुलाई को मतगणना के बाद शाम तक नतीजे घोषित होते ही इनके भविष्य का भी फैसला होगा।
मतदान के लिए लोग सुबह सात बजे से पहले ही लाइनों में लग गए थे। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि राज्य मुख्यालय में पोल डे मॉनीटरिंग सिस्टम (पीडीएमएस) के माध्यम से प्राप्त सूचना के अनुसार सायं 6 बजे तक तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 70.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशतता के अंतिम आंकड़े सभी पोलिंग पार्टियों के वापस आने और दस्तावेजों की स्क्रूटनी के बाद ही जारी किए जाएंगे। मतदान प्रक्रिया की रीयल टाइम मानीटरिंग के लिए 315 मतदान केंद्रों को लाइव वेब कास्टिंग के माध्यम से कवर किया गया, जिसकी राज्य, जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्षों के माध्यम से निगरानी की जा रही थी। प्रदेश में पूर्णतया महिलाओं की ओर से संचालित छह दिव्यांगजनों ने 1 तथा युवाओं ने 3 मतदान केंद्र संचालित किए। इसके अतिरिक्त नौ आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए।
आंकड़ों में तीनों विस क्षेत्र
देहरा विधानसभा : 84,694 मतदाताओं में से 55,408 ने वोट डाला। 29,152 महिला और 26,256 पुरुषों ने मतदान किया।नालागढ़ विधानसभा : 93,831 मतदाताओं में से 74,166 ने वोट डाला। 36,310 महिला, 37854 पुरुष और दो थर्ड जेंडर ने मतदान किया।
हमीरपुर विधानसभा : 76,892 मतदाताओं में से 52,073 ने वोट डाला। 27,145 महिला, 24,927 पुरुष और एक थर्ड जेंडर ने मतदान किया।