हिमाचल विधानसभा सत्र: जयराम बोले- जिलों में तलाशी जा रही ईको टूरिज्म की संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी विधायक अनिरुद्ध सिंह की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में ईको टूरिज्म के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग की ओर से मशोबरा स्थित क्रेगनैनों नेचर पार्क का निर्माण किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वन विभाग एक स्वतंत्र एजेंसी से प्रदेश में ईको टूरिज्म मास्टर प्लान तैयार कर रहा है। यह एजेंसी जिलों में ईको टूरिज्म की संभावनाओं को तलाश कर रही है। जिसे भारत सरकार वन एवं जलवायु परिवर्तन पर्यावरण विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह जानकारी विधायक अनिरुद्ध सिंह की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में ईको टूरिज्म के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वन विभाग की ओर से मशोबरा स्थित क्रेगनैनों नेचर पार्क का निर्माण किया गया है। नेचर पार्क के निर्माण में 1.65 करोड़ की राशि खर्च की गई।
चिकित्सकों के लिए आवासीय कालोनी बनाने को नहीं है जगह
शिमला। स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत नागरिक अस्पताल ज्वाली में चिकित्सकों के आवासीय भवन बनाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। चयनित भूमि पर 50 बिस्तरों वाला नया आवासीय भवन बनाना प्रस्तावित है। अस्पताल के लिए रेडियोलॉजिस्ट का पद स्वीकृत नहीं है। उन्होंने यह जानकारी विधायक अर्जुन सिंह की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी।
कोटी और पधोग स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर नहीं
स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने कहा कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के तहत स्वास्थ्य केंद्र कोटी, पधोग और धामला में चिकित्सकों का एक-एक पद स्वीकृत है। ये पद रिक्त चल रहे हैं। राजगढ़ ब्लॉक के तहत पांच स्वास्थ्य केंद्र हाबन, फागू, डिंबर, कोटी, पधोग और धामला आते हैं। पधोग और धामला केंद्र को छोड़कर अन्य में चिकित्सकों के पद खाली नहीं है। रिक्त पदों को भरना निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने यह जानकारी विधायक रीना कश्यप की ओर से पूछे गए प्रश्न के उत्तर मेें दी।
सोसायटी के तहत कर्मचारियों की किसी भी श्रेणी के लिए आरएंडपी रुल्ज नहीं
स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने कहा कि सोसायटी के तहत कर्मचारियों की किसी भी श्रेणी के लिए आरएंडपी रुल्ज नहीं है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और टांडा, नाहन में रोगी कल्याण समिति के तहत नियुक्त अनुबंध कर्मचारियों को नियमित वेतनमान मिल रहा है। शेष मेडिकल कॉलेजों में कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं दिया जा रहा है। विभाग के अधीनस्थ मेडिकल कॉलेजों में रोगी कल्याण समिति के अतिरिक्त अन्य कोई सोसायटी नहीं है। उन्होंने यह जानकारी विधायक पवन काजल की ओर से पूछे गए लिखित प्रश्न के उत्तर में दी।
स्मार्ट सिटी के तहत कंगनाधार में नहीं बिछाई जाएगी सीवरेज लाइन
स्मार्ट सिटी के तहत कंगनाधार फेज 6 में सीवरेज व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। यहां पर बने मकानों को सीवरेज लाइन से जोड़ा गया है। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने यह जानकारी विधायक अनिरुद्ध सिंह की ओर से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।
आशा कुमारी ने उठाया ईको साइट से जुड़ा मामला
विधायक आशा कुमारी ने प्रश्नकाल के दौरान चंबा जिले में ईको साइट से जुड़े मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए 94 लाख रुपये का टेंडर शिमला के किसी व्यक्ति को किया गया है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। वन मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर इस मामले को देखेंगे। काम में तेजी लाने के लिए कानून के दायरे में जो भी संभव होगा कार्य किया जाएगा। जिसे काम दिया गया है, उन्हें काम शुरू करने को 3 नोटिस जारी किए गए हैं। एक और नोटिस जारी किया जाएगा।
सीएम ग्राम सड़क योजना के तहत 19,289 लाख स्वीकृत
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विधायक आशीष बुटेल की तरफ से पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 19,289 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि 3,693 सड़कों के निर्माण के लिए जारी की गई है। यह राशि सभी लोक निर्माण मंडलों को दी गई है। इससे पहले विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि एक्सईएन के तबादले के कारण पालमपुर मंडल में काम नहीं हो पा रहा है तथा निर्माण कार्य के लिए आई राशि लैप्स हो रही है। इस पर महेंद्र सिंह ने कहा कि एक्सईएन के तबादले होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और राशि के लैप्स होने की सूचना उनके पास नहीं है।