बारिश ने मचाई तबाही- मलबे में दबी महिला, 9 घंटे बाद निकाला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में मानसून पहुंचने से पहले ही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। सोमवार को किन्नौर जिले की रोपा पंचायत के थोरोपा में सिंचाई करते हुए भूस्खलन की चपेट में आकर एक महिला मलबे में दब गई। करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव मलबे से निकाला गया।
सिरमौर के रेणुका में दुनोई पुल के पास चलती कार पर चट्टान गिरने से 22 साल के युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पालमपुर-धर्मशाला वाया नगरी सड़क पर बरथरी खड्ड नगरी में बनी बाईपास पुलिया बह गई है।
मंडी जिले में भारी बारिश से मंडी-जोगिंद्रनगर एनएच करीब चार घंटे ठप रहा। खलिहार के समीप नाले में पानी आने से सुबह करीब पांच बजे यातायात बाधित हो गया और सैकड़ों वाहन फंस गए। रामनगर, टारना मोहल्ला में पानी लोगों के घरों में घुस गया।
हिमाचल में आज और कल भारी बारिश की चेतावनी
सीवरेज चाक होने से नाले का मलबा सड़कों पर आ गया। पहाड़ों पर बर्फ पिघलने के साथ ही लाहौल स्पीति में नदी-नाले उफान पर हैं। रांगवे में रविवार शाम करीब दो घंटे तक केलांग उदयपुर मार्ग ठप रहा। सूबे के ज्यादातर इलाकों में मंगलवार और बुधवार को भारी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी के साथ ही सरकार ने सभी डीसी व विभागों को अलर्ट कर दिया है।
सोमवार को शिमला का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 32.6, भुंतर में 33.6, धर्मशाला में 28.4, ऊना में 39.6, नाहन में 29.4, सोलन में 28.5 और कांगड़ा में 33.5 डिग्री सेल्सियस तामपान रहा।