हिमाचल में मूसलाधार बारिश का कहर, नाले में बह गए चार वाहन, सड़क धंसने से ट्रक गिरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है। बुधवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश-भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। सिरमौर के त्रिलोकपुर नाले में आई बाढ़ में दो कारें और दो मोटरसाइकिलें बह गईं। त्रिलोकपुर सहकारी डिपो में पानी घुसने से राशन बर्बाद हो गया। पच्छाद व सराहां में मकान, गोशालाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रदेश भर में करीब 235 छोटी-बड़ी सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा चार नेशनल हाईवे पर काफी देर तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी शिमला में रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने 16 और 17 अगस्त को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सूबे में 20 तक मौसम खराब रहेगा।
बारिश और भूस्खलन के चलते जगह-जगह बंद पड़ी सड़कों के कारण सेब से लदे वाहन फंस गए हैं। बागवानों को इससे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऊपरी क्षेत्रों में तो कुछ बागवानों ने बगीचों में सेब तुड़ान बीच में ही रोक दिया है। कांगड़ा में भारी बारिश के चलते रानीताल-32 मील सड़क भारी चट्टान गिरने से बंद रही।
मुलथान में सड़क धंसने के कारण सरिये से भरा ट्रक सड़क से नीचे लुढ़क गया। इस हादसे में चालक बाल-बाल बचा। जिला मुख्यालय धर्मशाला समेत कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे परिहार के पास आधी रात को भूस्खलन के कारण बंद हो गया, जो सात घंटे बाद बहाल हो पाया।
मंडी में भारी बारिश के बीच भूस्खलन से तीन नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित रहा। मनाली-चंडीगढ़ एनएच डयोड़ के पास आधा घंटा, पठानकोट-मंडी एनएच मैगल में दो घंटे और जालंधर-मंडी-धर्मपुर एनएच पारच्छू के पास अवरुद्ध रहा।
सिरमौर जिले में दो एनएच पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कुल्लू में बारिश से 12 घंटों तक लारजी-सैंज-न्यूली सड़क पागलनाला में बंद रही। यहां सेब से भरे कई वाहन और निगम की बसें फंसी रहीं। भुंतर एयरपोर्ट पर हवाई उड़ानें बंद रहीं, जबकि गगल एयरपोर्ट पर उड़ानें निर्धारित समय पर हुईं।
कहां कितनी बारिश (मिलीमीटर में)
कुफरी 124.4
गोहर 108.0
रेणुका 97.0
नगरोटा सूरियां 83.2
पालमपुर 50.0
डलहौजी 49.0
नाहन 43.6
धर्मशाला 41.0
शिमला 37.6
मंडी 24.1