घर पर अचानक पुलिस को देख घबराए बैंक मैनेजर, हार्ट अटैक से मौत
छुट्टी के दिन अचानक घर पर पहुंची पुलिस को देखकर बैंक मैनेजर बुरी तरह से घबरा गए। हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। यह दर्दनाक मामला हिमाचल के बिलासपुर का है।
यहां डियारा सेक्टर के एक घर में रविवार सुबह करीब छह बजे अचानक पहुंची पुलिस देखकर बैंक मैनेजर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस हादसे से परिजन सकते में हैं। बताया जा रहा है कि परिवार का एक युवक शादियों में डीजे लगाने का काम करता है।
पिछली रात शादी समारोह खत्म होने के बाद युवक डीजे का सामान अपनी गाड़ी में भरकर घर लौट रहा था। संयोग से उस इलाके में चोरी हो गई और रात को युवक की गाड़ी का नंबर पुलिस ने नोट कर लिया।
घर पर पुलिस देख घबरा गए मैनेजर
गाड़ी की लोकेशन के हिसाब से रविवार सुबह छह बजे पुलिस घर पहुंच गई और छानबीन करने लगी। इससे मनसा राम (56) बुरी तरह घबरा गए और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।
मनसा राम पंजाब नेशनल बैंक की मलोखर शाखा में बतौर मैनेजर कार्यरत थे। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए पुलिस को मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
परिजनों का कहना है कि अगर ऐसा कुछ था भी तो कोई एक कर्मी घर में आकर बातचीत कर सकता था। लेकिन पुलिस का रवैया देख तो लग रहा था कि घर में कोई कुख्यात अपराधी छिपा हो। एसपी बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है। यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन करवाई जा रही है।