एक वर्ष पहले मर चुके डाक्टर की कर दी ट्रांसफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में स्वास्थ्य महकमे की सेहत बिगड़ गई है। इसका अंदाजा जिला ऊना में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए आदेशों से लगाया जा सकता है। जहां विभाग ने एक मृतक डाक्टर का ट्रांसफर चंबा कर डाला।
इसे विभागीय लापरवाही कहें या कुछ और लेकिन मृत डाक्टर के ट्रांसफर करने के आदेशों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में कार्यरत रहे डा. उमेश कुमार गौतम का तबादला ऊना से चंबा को करने संबंधी आदेश 25 अगस्त 2014 को पारित किए हैं।
इनका 26 अगस्त 2013 को बीमारी के चलते निधन हो गया था। इनके स्थान पर चंबा के साच पीएचसी से डा. अंशुल सोंखला को ऊना में तैनात किया गया है।
पत्नी को मिल रही है पैंशन
हैरानी की बात यह है कि इन आदेशों में डा. गौतम के लिए तो ट्रैवलिंग अलाउंस व ज्वाइन पीरियड दिया गया है, लेकिन डा. सोंखला को तुरंत प्रभाव से ऊना में ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा गया है। डा. उमेश गौतम के परिवार को मिलने वाले सभी वित्तीय लाभ भी स्वास्थ्य विभाग जारी कर चुका है।
इनकी धर्मपत्नी को फैमिली पेंशन भी जारी हो चुकी है। मंगलवार को डा. उमेश गौतम की पुण्य तिथि से ठीक एक दिन पहले डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर के ऑफिस आर्डर नंबर 4639-दिनांक 25 अगस्त 2014 के माध्यम से डा. उमेश गौतम का तबादला आदेश क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से साच प्राइमरी हेल्थ सेंटर चंबा के लिए हुए हैं।
उधर सीएमओ जीआर कौशल का कहना है कि विभाग की ओर से डा. उमेश गौतम के तबादला आदेश मिले हैं।
मंत्री ने वापस करवाए आदेश
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मृतक चिकित्सक का तबादला करने की जानकारी जैसे ही उद्योगमंत्री मुकेश अगिभनहोत्री को मिली। उन्होंने कड़ा संज्ञान लेते हुए विभाग की इस गलती की ओर विभाग के सचिव का ध्यान दूरभाष पर दिलाया।
उन्होंने तुरंत प्रभाव से इस गलती को दुरुस्त कर तबादला आदेश वापिस लेने के दिशा-निर्देश दिए। बहरहाल मंत्री ने निर्देश जारी कर तबादला आदेश तो वापस करवा लिए लेकिन इस लापरवाही से पूरे महकमे की पोल जरूर खुल गई है।