प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पुणे के यशस्वी इंस्टीट्यूट ने ‘लर्न टू अर्न’ के तहत राज्य के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार को प्रस्ताव दिया है। इसके तहत इंस्टीट्यूट चार साल का डिप्लोमा कोर्स करवाएगा। इस दौरान सात हजार रुपये प्रति माह स्टाइपेंड, रहने-खाने की व्यवस्था फ्री में करने का दावा किया है।
प्रस्ताव में युवाओं को प्लेसमेंट दिलाने का भी वादा किया है। दो दिन पहले ही इंस्टीट्यूट से यह प्रस्ताव सरकार को मिला है। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की संख्या करीब आठ लाख से अधिक है। प्रदेश के मुकाबले उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में बेरोजगारों की संख्या कम है। यही कारण है कि बेरोजगारी को लेकर सरकार चिंतित है।
रहने-खाने की भी व्यवस्था फ्री में
प्रदेश सरकार प्रदेश में निवेश करवाने से लेकर स्किल डेवलपमेंट तक पर फोकस कर रही है। महाराष्ट्र पुणे के यशस्वी इंस्टीट्यूट ने ‘लर्न टू अर्न’ के तहत राज्य के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रस्ताव दिया है। योजना विभाग प्रस्ताव को अब तकनीकी शिक्षा निदेशालय को भेज रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार दिलाने की कोशिश की जाएगी।
योजना विभाग के सलाहकार अक्षय सूद ने बताया कि यशस्वी इंस्टीट्यूट ने ‘लर्न टू अर्न’ में सूबे के युवाओं को रोजगार देने के लिए दो दिन पहले प्रस्ताव भेजा है। इसे तकनीकी शिक्षा निदेशालय को भेजा जा रहा है। यह एक अच्छी शुरूआत है। खास बात यह है कि डिप्लोमा कोर्स कराने को भी शुरूआत सात हजार रुपये से होगी। चार साल का कोर्स पूरा होने के बाद स्टाइपेंड दस हजार से अधिक हो जाएगा।
एचआरटीसी करवाएगा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
रिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली ने लघु सचिवालय धर्मशाला में प्रेस वार्ता में कहा कि नए साल में तकनीकी शिक्षा महकमा और एचआरटीसी युवाओं के लिए करीब आधा दर्जन स्किल कोर्स शुरू करेंगे। एचआरटीसी युवाओं को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देने के लिए टायर मास्टर सहित करीब तीन कोर्स शुरू करेगा। इसे कौशल विकास भत्ते के साथ जोड़ा जाएगा। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा आईटीआई में भारी वाहनों बड़ी क्रेन और जेसीबी सिखाने के लिए ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल खोले जाएंगे।
आईटीआई में जल्द ही ये नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। मार्च माह से पहले कांगड़ा जिले के नगरोटा और अन्य दूसरे स्थानों पर बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में नामी कंपनियां युवाओं को नौकरी देने के लिए आएंगी। 6 जनवरी को दिल्ली में केंद्र सरकार की बैठक में तकनीकी शिक्षा को लेकर कई प्रोजेक्टों पर चर्चा की जाएगी। परिवहन मंत्री ने हिमाचल के लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।