सीएम सुक्खू का एलान: पुष्पा, ज्योति और भावना को एक-एक करोड़ के साथ सरकारी नाैकरी, रेणुका को भी मिलेगी राशि
एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल का नाम रोशन करने वाली पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की।
विस्तार
एशियाई खेलों में महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल का नाम रोशन करने वाली पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की। इस दाैरान मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को पारंपरिक हिमाचली टोपी और शाल भेंटकर उनका सम्मान किया और इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। सीएम ने कहा कि बेटियों की मेहनत और सफलता पर हर हिमाचलवासी का सिर गर्व से ऊंचा है। प्रदेश सरकार जल्द ही इनके सम्मान में समारोह आयोजित कर तीनों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देगी और सरकारी सेवा में समायोजित करेगी।
पुलिस विभाग में नौकरी न चाहने वाली खिलाड़ियों को खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कहा कि बेटियां यूं ही आगे बढ़ती रहें, नए मुकाम हासिल करें और हिमाचल का मान बढ़ाती रहें। प्रदेश सरकार जल्द ही इनके सम्मान में समारोह आयोजित कर तीनों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ की सम्मान राशि देगी। गोल्ड जीतने वाली कबड्डी टीम ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की।
खिलाड़ियों ने पुरस्कार राशि कम होने पर जताई थी नाराजगी
गाैरतलब है कि प्रदेश सरकार ने नई खेल नीति के तहत भावना समेत अन्य हिमाचली पदक विजेताओं को 33-33 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। इस पर खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई थी। खिलाड़ियों के अनुसार स्वर्ण पदक जीतने के बावजूद कबड्डी खिलाड़ियों को अन्य खेलों के पदक विजेताओं की तुलना में कम पुरस्कार राशि मिल रही है। यह मामला खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से प्रमुखता से उठाने की बात कही थी। इसी के तहत सोमवार को पदक विजेता खिलाड़ियों ने सीएम सुक्खू से मुलाकात कर यह मामला उठाया। इसके बाद सीएम ने पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की घोषणा की।