अच्छी खबर! मनाली में फिर इस रोमांच का मजा लें सकेंगे सैलानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्यटन नगरी मनाली की दिलकश वादियों में फिर से सैलानी आसमान में उड़ सकेंगे। मनाली के साथ लगते सोलंगनाला में प्रशासन ने फिर से पैराग्लाइडिंग को स्वीकृति दे दी है। इस मंजूरी के साथ ही बर्फ से लकदक पहाड़ों के बीच सोलंग में बुधवार से मानव परिंदे उड़ना शुरू हो गए हैं। महाराष्ट्र के सैलानी की मौत के बाद अप्रैल से प्रशासन ने सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा दी थी।
तकनीकी कमेटी की हरी झंडी के बाद प्रशासन ने अब फिर आठ कंपनियों को सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग करवाने की मंजूरी दे दी है। प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मनाली आने पर सैलानी सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग का खूब लुत्फ उठाते हैं। रोहतांग के लिए वाहनों की संख्या सीमित करने और सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग पर रोक के चलते मनाली आने वाले सैलानी मायूस हो रहे थे।
फिर पर्यटकों से गुलजार होने लगा सोलंगनाला
बंदिशों के चलते यहां पर्यटकों की संख्या भी कम हो रही थी। अब पैराग्लाइडिंग शुरू होने के बाद सोलंगनाला फिर पर्यटकों से गुलजार होने लगा है। इससे पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिल गए हैं। दिल्ली से मनाली पहुंचे नवविवाहित शहबाज और शबाना ने बताया कि सोलंगनाला की वादियां एक रोमांच पैदा करती हैं। यहां पैरागलाइडिंग का अलग ही आनंद है। मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के महासचिव नंदलाल व्यास का कहना है कि पैराग्लाइडिंग शुरू होने से सोलंगनाला में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
अप्रैल महीने में दुर्घटना के बाद सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई थी। पर्यटकों के मनोरंजन के मद्देनजर इसे दोबारा शुरू किया गया है। आठ कंपनियों के पायलटों का टेस्ट लेने और उनके 53 इक्यूपमेंट्स की जांच के बाद तकनीकी कमेटी ने पैराग्लाइडिंग को हरी झंडी दी है।
- रतन गौतम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी