Chamba: चौरासी परिसर में फ्लड लाइट के लिए खड़ा किया जा रहा खंभा बच्ची पर गिरा, मौत, भीड़ का हंगामा
चंबा जिले में उपमंडल भरमौर स्थित चौरासी मंदिर परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे फल्ड लाइट(हाईमास्ट) के खंभे की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल भरमौर स्थित चौरासी परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे फ्लड लाइट (हाईमास्ट) के खंभे की चपेट में आने से 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान परीक्षा देवी पुत्री हेम सिंह निवासी काहलजुगसर के रूप में हुई। घायलों की पहचान अंजीत सिंह (45) पुत्र स्व. ओम प्रकाश निवासी सरोरा तहसील भद्रवाह, आदविक (5) पुत्र अंजीत सिंह निवासी सरोगा तहसील भद्रवाह, अमिता (28) पत्नी नरेश निवासी सिरतंगल जिला भद्रवाह (जम्मू) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि पड़ोसी राज्य से आए शिव भक्त चौरासी परिसर में पूजा-अर्चना और हवन कर रहे थे। इतने में फ्लड लाइट लगाने के लिए स्थापित किया जा रहा खंभा नीचे गिर गया।
जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल भरमौर और बाद में हेलिकाप्टर के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया जहां घायलों का उपचार चला हुआ है। पुलिस ने पंचायत प्रधान और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के बाद पड़ोसी राज्य जम्मू (भद्रवाह) सहित साथ लगते क्षेत्रों से मणिमहेश यात्रा पर पहुंचे शिव भक्तों ने जमकर हंगामा करते हुए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन, विधायक और पंचायत प्रधान के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इतना ही नहीं उग्र शिव भक्तों ने चौरासी परिसर से प्रदर्शन करते हुए पुराने बस स्टैंड में सांय 3:00 बजे चक्का जाम कर दिया।
उग्र भीड़ उपायुक्त चंबा, अतिरिक्त दंडाधिकारी भरमौर, उपमंडल अधिकारी, विधायक और सदर पंचायत प्रधान को मौके पर पहुंचने का इंतजार करते रहे लेकिन देरशाम तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। करीब तीन घंटे बाद विधायक जियालाल कपूर पुराना बस स्टैंड भरमौर में उग्र भीड़ को समझाने के लिए पहुंचे। प्रदर्शनकारी हादसे के पीछे रहे कारणों में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और सदर पंचायत प्रधान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते रहे। साथ ही चौरासी परिसर में किसी भी दुकान को न लगाने की मांग कर रहे थे।
भरमौर व्यापार मंडल प्रधान रंजीत शर्मा ने इस हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने हादसे में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक जियालाल कपूर ने बताया कि दुखद घटना के पीछे रहे कारणों का पता लगा कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल कॉलेज चंबा में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार चल रहा है।