मंडी: कारोबारी को 15 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा, डर दिखाकर मांगी राशि, पुलिस की कार्रवाई से 27.56 लाख फ्रीज
साइबर ठगों ने बिलासपुर के एक कारोबारी को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर करीब 28 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने कभी सुप्रीम कोर्ट तो कभी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नाम से फर्जी समन भेजे और उसे जांच एजेंसियों की कार्रवाई में फंसाने की धमकी देते रहे।
विस्तार
न कोई गिरफ्तारी हुई और न ही पुलिस ने थाने बुलाया गया लेकिन फोन और वीडियो कॉल के जरिये एक व्यक्ति को 15 दिन तक इस कदर डराया गया कि उसने अपनी जमा पूंजी ही गंवा दी। साइबर ठगों ने बिलासपुर के एक कारोबारी को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर करीब 28 लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने कभी सुप्रीम कोर्ट तो कभी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नाम से फर्जी समन भेजे और उसे जांच एजेंसियों की कार्रवाई में फंसाने की धमकी देते रहे। ठगी की रकम बिहार, हरियाणा और तमिलनाडु के बैंक खातों में जमा करवाई गई।
पुलिस ने 27.56 लाख रुपये वापस करवाने में कामयाबी हासिल की
हालांकि पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस मंडी ने कार्रवाई करते हुए 27.56 लाख रुपये वापस करवाने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित कारोबारी को बीते 12 सितंबर को एक फोन आया था। फोन करने वाले ने उसे बताया कि उसके नाम से जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल किसी धोखाधड़ी में हुआ है और इसके जरिये करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है। इसके बाद शातिरों ने उसे अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया। कभी जांच एजेंसियों का डर दिखाया तो कभी सुप्रीम कोर्ट और ईडी के फर्जी समन भेजकर उसे विश्वास दिलाने की कोशिश की कि वह बड़ी मुश्किल में फंस चुका है। गिरफ्तारी के डर से पीड़ित उनकी बातों में आता रहा और आरोपियों के कहने पर अलग-अलग बैंक खातों में करीब 28 लाख रुपये जमा करवा दिए।
डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं: एएसपी
जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उसने साइबर क्राइम पुलिस थाना मध्य खंड मंडी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बीते पांच अक्तूबर को इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत प्राथमिकी दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई 27,56,961 रुपये की रकम को फ्रीज करवाया। इसके बाद न्यायालय से आदेश लेकर यह राशि पीड़ित को वापस दिलवाई गई। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर न हों परेशान साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी मध्य खंड के एएसपी बीर बहादुर ने लोगों से अपील की है कि डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं है। कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर किसी को गिरफ्तार नहीं करती और न ही जांच के नाम पर बैंक खातों में पैसे जमा करवाती है। ऐसे फोन आने पर घबराने के बजाय उनकी सूचना पुलिस को दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।
