रोहतांग में बर्फबारी और खड़ापत्थर में ओलावृष्टि, शिमला में चली तेज हवाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला। रोहतांग में मई महीने के दूसरे दिन गुरुवार को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। रोहतांग में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड हुई। लाहौल की चोटियों में भी बर्फबारी हुई है। वहीं, खड़ापत्थर में ओलावृष्टि की सूचना है।
खराब मौसम के बीच करीब 70 प्रवासी मजदूरों ने रोहतांग दर्रा को पैदल पार किया और कोकसर पहुंचे। रोहतांग दर्रा के अलावा कुंजुम दर्रा, बारालाचा दर्रा, शिगरी ग्लेशियर, घेपन पीक और लाहौल घाटी के दारचा, कोकसर, सिस्सू, योचे, छीका रारिक सहित लोसर में भी हल्की बर्फबारी हुई है।
अंधड़ चलने से दुकानों को नुकसान
कुल्लू-मनाली में दिन भर रुक-रूक कर बारिश जारी रही। अंधड़ चलने से ढालपुर में सजी दुकानों को नुकसान पहुंचा है। रामपुर और किन्नौर में भी वीरवार को बारिश का दौर जारी रहा।
राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे। तेज हवाएं चलने से शहर में ठंड बढ़ गई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम मिलाजुला बना रहा। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से अधिकतम तापमान में कमी दर्ज हुई है।
तापमान में आया ये बदलाव
मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। बुधवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6, कल्पा में 3.0, कुफरी में 6.1, मनाली में 7.6, शिमला में 13.6, धर्मशाला में 16.4 और ऊना में 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 34.0, नाहन में 34.9, सुंदरनगर में 31.6, सोलन में 29.0, कांगड़ा में 29.4, बिलासपुर में 28.0, हमीरपुर में 26.6, चंबा में 24.9, धर्मशाला में 24.2, भुंतर में 28.8, शिमला में 22.7, डलहौजी में 14.3, कल्पा में 14.7 और केलांग में 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।