शिमला के ननखड़ी के पास कार हादसा, चार लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला के साथ लगते ननखड़ी-बाघी सड़क पर शुक्रवार देर शाम मारुति कार के गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे में नेपाली मूल के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक बच्ची घायल हो गई है।
जानकारी के अनुसार कार एचपी 06-2333 रोहड़ू से ननखड़ी की ओर आ रही थी। इस दौरान वह गुज्जर कोट के पास सड़क से नीचे करीब 300 मीटर खाई में गिर गई। कार में सवार बच्ची छिटक कर सड़क के साथ ही नीचे गिर गई।
घायल बच्ची ने सड़क में पहुंचकर शोर मचाया। यह सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद ननखड़ी और बाघी से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला।
सगे भाईयों समेत चार की मौत
मृतक की पहचान चालक नरेंद्र कुमार, पुत्र पूर्ण चंद और उसका भाई धीरज, दो बहनें दीपा राणा और रीता राणा शामिल हैं। घायल आठ साल की स्मृति मृतक नरेंद्र कुमार की पुत्री है। डीएसपी रामपुर सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घायल का उपचार करवाया जा रहा है। मृतकों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
चंबा हादसे में तीसरे युवक की भी मौत
चंबा-भरमौर मार्ग पर गैहरा में हुए पिकअप हादसे के बाद कोमा में पहुंच चुके चालक मंजीत सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह की मौत हो गई है। चंबा अस्पताल में उपचार के बाद चालक मंजीत को टांडा रेफर किया गया था लेकिन टांडा ले जाते समय चालक की बीच रास्ते में मौत हो गई।
पुलिस ने चालक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, मंगलेरा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल आशिक अली को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। आशिक अली कोमा में है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आशिक अली अपने भाई व दो अन्य साथियों के साथ छिंज मेले से वापस लौट रहा था। जहां बीच रास्ते में उनकी ऑल्टो कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में अनीस खान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आशिक अली, हमीद व सलीम तीनों बुरी तरह से घायल हो गए।
इनमें से अशिक अली की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले टांडा और उसके बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। आशिक अली को अभी तक होश नहीं आया है और वह कोमा में है। डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है।