अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंब (ऊना) क्षेत्र के चुरूडू में एक अज्ञात वाहन ने राहगीर युवक को जोरदार टक्कर दे मारी। हादसे में राहगीर युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान 19 वर्षीय धर्मपाल के रूप पहचान हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपाल निवासी बडूही सोमवार सुबह सड़क पर दौड़ लगाते हुए चुरूडू जा रहा था कि इसी दौरान पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर दे मारी। हादसे में धर्मपाल बुरी तरह से लहूलुहान हो गया और कुछ देर बाद मौके पर दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने युवक के मृत होने की पुष्टि की। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 304ए, 201 एवं 187 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जहरीली दवा निगलने से व्यक्ति की मौत
देहरागोपीपुर (कांगड़ा) के थाना देहरा के तहत एक व्यक्ति ने गलती से जहरीली दवा निगल ली। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विक्की कुमार निवासी कड़ोल ने रविवार रात गलती से कोई जहरीली दवा निगल ली। जब विक्की की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे सिविल अस्पताल देहरा ले आए।
चिकित्सकों ने विक्की को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन सोमवार सुबह विक्की की मौत हो गई। उसके बाद अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अत्यधिक नशा करने से 35 वर्षीय युवक की मौत
उत्तराखंड-हिमाचल की सीमा पर एक व्यक्ति की अधिक नशे का सेवन करने से मौत हो गई है। पड़ोसी राज्य क्षेत्र से नशा करने युवक खोदरी पुल के समीप पहुंचते हैं। हिमाचल सीमा की तरफ युवक पड़ा था। हिमाचल पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी अनुसार सिंगपुरा पुलिस चौकी में सूचना मिली। जिसमें कहा गया कि नशे की हालत में एक युवक हिमाचल राज्य की सीमा पर पड़ा है। हिमाचल पुलिस टीम रविवार शाम को मौके पर पहुंची। युवक अत्याधिक नशा करने पर दम तोड़ चुका था। मृतक का शव कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान निकट विकासनगर (उत्तराखंड) के अंबाड़ी गांव निवासी बंता बहादुर गुरंग ( 36) के रूप में हुई है। इसके बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया।
सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, डीएसपी पांवटा योगेश रोल्टा ने पुष्टि कर कहा कि शुरुआती जांच में ज्यादा नशा करने को मौत का कारण माना जा रहा है। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमाटर्म रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।
पेड़ से लटका मिला शव
कांगड़ा में पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरालधार में एक भेड़पालक ने फंदा लगा जान दे दी है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोरालधार ग्राम पंचायत में सुबह जैसे ही लोगों ने रास्ते से गुजरना शुरू किया तो वहां पर पेड़ से एक शव देखा।
इसके बाद इसकी जानकारी पंचायत प्रधान गणेश दत्त को दी गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही एएसआई कर्ण सिंह के नेतृत्व में मौके पर जाकर देखा कि एक व्यक्ति का शव पेड़ का साथ लटका हुआ है। गांववासियों से पूछताछ करने के बाद पता चला कि यह शव भेड़पालक का है। इस पर पुलिस ने नजदीकवर्ती क्षेत्र में भेड़पालकों की जानकारी ली।
इस पर दूरदराज से आए भेड़पालक एकत्रित हो गए। इसकी पहचान निक्का राम पुत्र प्रहलाद सिंह निवासी सिद्धबाड़ी (रक्कड़) तहसील धर्मशाला रूप में हुई है। भेड़पालक बीनू राम ने बताया कि निक्का राम भेड़-बकरियां चराने का काम करता था। निक्का राम रविवार दोपहर बाद पेट दर्द की दवाई लेने के बहाने से बाहर गया था। इन्होंने अपना डेरा अमरोह गांव में लगा रखा था। जब देर रात तक निक्का राम वापस डेरे में नहीं पहुंचा व मोबाइल फोन स्विच आफ आ रहा था।
उन्होंने अपने साथी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा ले जाया गया। भेड़पालक की मौत के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुट गई है। संसारपुर टैरेस पुलिस चौकी प्रभारी कर्ण सिंह परमार ने बताया कि निक्का राम के शव को मंगलबार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।