70 फीसदी हिमाचलियों को रोजगार देने में फर्जीवाड़ा, विधानसभा में पेश किए दस्तावेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में स्थापित कई औद्योगिक इकाइयों में प्रदेश के 70 फीसदी युवाओं को रोजगार देने में फर्जीवाड़ा हुआ है। विधानसभा में उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि दस्तावेजों में 184 ऐसी इकाइयां सामने आई हैं, जहां रोजगार के तय मापदंड को दरकिनार किया गया है।
मंत्री ने इन सभी इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश विभाग को दिए हैं। भाजपा विधायक परमजीत पम्मी ने प्रश्नकाल में सवाल उठाया कि श्रम एवं रोजगार नियमों के तहत कई कंपनियों ने रिकॉर्ड तैयार करने के लिए हिमाचल युवाओं के प्रमाणपत्र अपने पास रख लिए।
लेकिन इन्हें रोजगार देने के बजाए बाहरी राज्यों के युवाओं को नौकरी दे दी। पम्मी ने कहा कि जब हिमाचल के युवा कंपनियों के पास साक्षात्कार देने जाते हैं तो उनके मूल निवास प्रमाण पत्र रख लिए जाते हैं।
कुछ महीने नौकरी देने के बाद उन्हें निकाल दिया जाता है। उद्योग मंत्री ने बताया विभागीय आंकड़ों के अनुसार हिमाचल में स्थापित औद्योगिक इकाइयों में 63 हजार हिमाचली और 23 हजार दूसरे प्रदेशों के लोग सेवारत हैं।
तनख्वाह भी बैंक खाते के बजाए नकद
184 उद्योग ऐसे हैं, जहां 70 फीसदी हिमाचलियों को रोजगार नहीं दिया गया है। भाजपा विधायक रमेश धवाला ने भी अनुपूरक प्रश्न में कहा कि उद्योगों में हिमाचल के युवाओं का शोषण किया जा रहा है।
आईटीआई से प्रशिक्षित युवाओं को उद्योगों में एक साल के लिए रखा जाता है, उसके बाद उन्हें निकाल दिया जाता है। उद्योगों में काम कर रही महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है। तनख्वाह भी बैंक खाते के बजाए नकद दी जा रही है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि कोशिश की जाएगी कि आईटीआई से प्रशिक्षित इन युवाओं को कंपनी में ही रोजगार दिया जा सके। विधायक परमजीत पम्मी ने विधानसभा में कहा कि उद्योगपति बाहरी राज्यों के बसों की सेवाएं ले रहे हैं।
बीबीएन में 56 बसें हिमाचल, जबकि 270 बसें दूसरे राज्यों की हैं। हिमाचल में आने वाली इन बाहरी राज्यों की बसों से 100 रुपये टैक्स लिया जाता है, जबकि अगर हिमाचल की बसें बाहर जाएं तो उनसे 3500 रुपये टैक्स वसूला किया जाता है। मंत्री ने आश्वस्त किया कि उद्योगों में हिमाचल की ही बसें सेवाएं देगी।
बीबीएन के उद्योगों में 60 हजार हिमाचली कार्यरत
उद्योग मंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड के मुताबिक बीबीएन के उद्योगों में 83,067 कर्मी रखे गए हैं, जिनमें 60,018 हिमाचली व 23,049 गैर हिमाचली हैं। इसमें हिमाचली युवाओं का प्रतिशत 72.25 बनती है।
जिला ऊना में स्थापित उद्योगों में 27,217 कर्मी रखे गए हैं, जिनमें से 21,229 हिमाचली व 5,988 गैर हिमाचली हैं। इसकी 78 प्रतिशत बनती है। कुल मिलाकर युवाओं को रोजगार देने की प्रतिशतता 70 से अधिक है।