Shimla News: चिट्टा लेकर शिमला आ रहे हरियाणा के पांच तस्कर तारादेवी के पास गिरफ्तार
पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने तारादेवी के पास हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार से 94 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस कार में पांच लोग सवार थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नशे के खिलाफ जारी अभियान में शिमला पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने तारादेवी के पास हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार से 94 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस कार में पांच लोग सवार थे। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल की टीम ने तारादेवी–टुटू बाईपास सड़क पर नाकेबंदी कर रखी थी। गुप्त सूचना के आधार पर तारादेवी जीरो प्वाइंट से करीब सौ मीटर आगे टुटू बाईपास सड़क पर पुलिस ने यहां से गुजर रही काले रंग की स्विफ्ट कार एचआर 12 ए एक्स 5838 रोक ली और इसकी तलाशी ली।
कार में पांच लोग सवार थे। पुलिस की तलाशी के दौरान इनके कब्जे से करीब 94 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने कार सवार 34 वर्षीय अंजित, निवासी सैरी, सोनीपत हरियाणा, 38 वर्षीय इरफान, निवासी तलोह, जिला झझर, 30 वर्षीय रविकांत निवासी खांडा सोनीपत, मुकेश निवासी खडीखुमार, झझर और 47 वर्षीय नरेंद्र निवासी खांडा सोनीपत को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत थाना बालूगंज शिमला में मुकदमा दर्ज किया है। पांचों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से इन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जांच में बड़े खुलासे की संभावना
पुलिस ने पांचों आरोपियों से गहन पूछताछ की है। आरोपी कहां से चिट्टा लाए थे और शिमला में कहां और किसे इसकी सप्लाई देने की तैयारी थी, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 19 मार्च को यह गिरफ्तारियां की गईं हैं। जांच प्रभावित न हो और शिमला में इस कारोबार से जुड़े तथा लोगों का पता लगाया जा सके, इसके लिए पुलिस ने अब इस मामले को सार्वजनिक किया है। पांच दिन की पुलिस रिमांड के बाद चार आरोपियों को अब न्यायिक हिरासत में भेजा है। वहीं एक आरोपी अंजित कुमार को फिर से पुलिस की रिमांड पर भेजा है। यह आरोपी इस मामले में मुख्य कड़ी माना जा रहा है। एसएसपी गौरव सिंह का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।