युवाओं पर चढ़ा फुटबाल का खुमार, टोनी क्रूज और मेसी के हुए दीवाने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फीफा वर्ल्ड कप का आगाज होने के साथ ही युवाओं पर फुटबाल का खुमार चढ़ने लगा है। कोई टोनी क्रूज, मैसी, नेमार जूनियर तो कोई रोनाल्डो का दीवाना है। युवा अपनी-अपनी पसंदीदा टीम के मैच देखने के लिए उत्साहित हैं।
साथ ही फुटबाल खेलने वाले युवा इस वर्ल्ड कप में खेलने वाले अपने पसंदीदा खिलाड़ियों से सीख लेने और नई तकनीक सीखने को उत्सुक हैं। युवाओं का कहना है कि वह अपनी पसंदीदा टीम का हर मैच देखेंगे।
साथ ही अपनी टीम की जीत की दुआ मांगेंगे। फटबॉल खिलाड़ियों का कहना है कि वह फीफा वर्ल्ड कप आईपीएल और अन्य क्रिकेट मैचों की तरह जश्न मनाते हुए देखेंगे। खिलाड़ी अक्षय, मोनू, संदीप साहिल, मनीष, मुन्ना, ऐरी आदि का कहना है कि वह वर्ल्ड कप देखने के लिए उत्साहित हैं।
क्या कहते हैं युवा और खिलाड़ी
फीफा में देखने को मिलेंगी नई तकनीक- हमीर फाल्कन क्लब के सदस्य अक्षय मलिक का कहना है कि फुटबाल का खेल अब पहले के मुकाबले अधिक टेक्निकल हो गया है। फीफा कप में खिलाड़ियों को नई तकनीक देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पसंदीदा खेल फुटबाल हैं और वह स्पेन की टीम को सपोर्ट करते हैं। उनके पसंदीदा खिलाड़ी रामोस हैं।
जर्मनी की टीम को करते हैं सपोर्ट- खिलाड़ी संदीप कुमार का कहना है कि उनकी पसंदीदा टीम जर्मनी है। वह टोनी क्रूज के फैन हैं। जर्मनी की टीम में एकता बहुत है और यह टीम सब खिलाड़ियों के दम पर जीतती है, न कि एक खिलाड़ी के दम पर। इस टीम को फीफा में खेलते हुए देख प्रदेश और जिला के खिलाड़ी एकजुटता से खेलना सीखेंगे।
मैसी का हर मैच देखूंगा- युवा मनीष का कहना है कि वह मैसी के फैन हैं। मैसी के अर्जेंटीना टीम में खेलते हुए टीम ने कभी कोई अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी हासिल नहीं की है। इसलिए इस बार उन्हें पूरा यकीन है कि टीम अच्छा प्रदर्शन कर मैसी के लिए वर्ल्ड-कप 2018 जरूर जीतेगी। उन्होंने कहा कि वह अपनी पसंदीदा टीम का कोई भी मैच देखने से नहीं छोड़ेंगे।
नेमार हैं पसंदीदा खिलाड़ी- सीनियर खिलाड़ी संदीप कुमार का कहना है कि ब्राजील की टीम को वह समर्थन करते हैं। टीम के खिलाड़ी नेमार सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। महज 25 वर्ष की आयु में ही नेमार ने फुटबॉल में नाम कमाया है। उन्होंने कहा कि इस बार ब्राजील ही कप जीतेगा और नेमार का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहेगा।
खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन- जिला फुटबॉल संघ के सचिव संजेश जंवाल का कहना है कि फीफा वर्ल्ड कप के लिए जिला के फुटबॉल खिलाड़ी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में अपने पसंदीदा टीम और खिलाड़ियों को खेलता देख जिले के खिलाड़ी भी उन्हीं की तरह प्रदर्शन करना चाहते हैं।
इससे उन्हें सीखने को बहुत कुछ मिलेगा और अपने फुटबॉल खेल के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि फीफा का फाइनल मुकाबला जिला फुटबॉल संघ और खिलाड़ी एक साथ देखेंगे।