{"_id":"6207bdded0981009886ff2b2","slug":"even-after-a-month-of-snowfall-there-is-no-electricity-children-preparing-for-the-exam-in-the-light-of-the-lamp","type":"story","status":"publish","title_hn":"चंबा: बर्फबारी के एक माह बाद भी बिजली नहीं, दीये की रोशनी में परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चंबा: बर्फबारी के एक माह बाद भी बिजली नहीं, दीये की रोशनी में परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चे
Mon, 14 Feb 2022 06:25 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, भरमौर (चंबा)
संवाद न्यूज एजेंसी, भरमौर (चंबा)
Published by: Krishan Singh
Updated Mon, 14 Feb 2022 06:25 PM IST
सार
चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के पलानी गांव में एक माह से बंद पड़ी बिजली आपूर्ति को सुचारु करवाने में बोर्ड नाकाम रहा है।
विज्ञापन
दीये की रोशनी में परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चे।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की बड़ग्राम पंचायत के पलानी गांव में शिक्षा के डिजिटलाइजेशन प्रसार संबंधी सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। हालात यह हैं कि एक माह से बंद पड़ी बिजली आपूर्ति को सुचारु करवाने में बोर्ड नाकाम रहा है। बिजली न होने से विद्यार्थी दीये की रोशनी में पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। गांव में बिजली न होने से 35 परिवार कड़ाके की ठंड में ठिठुरते हुए रातें गुजारने के लिए मजबूर हैं।
विज्ञापन
ग्रामीणों के अनुसार कई बार बोर्ड प्रबंधन को समस्या के बारे में अवगत करवाया लेकिन आज तक हल नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि वे अब इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर करेंगे। गौरतलब है कि जिले में बारिश और बर्फबारी के बाद भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। पलानी गांव इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। गांव में बिजली आपूर्ति बंद होने से लोग जहां अपने मोबाइल चार्ज करने के लिए चार किमी का सफर तय कर दूसरे गांव जा रहे हैं, वहीं बिजली न होने से मजबूरन बच्चों को दीये जलाकर उसकी रोशनी में काम चलाना पड़ रहा है। बड़ग्राम पंचायत के पलानी नाले पर हिमखंड गिरने के कारण मार्ग बंद पड़ा हुआ है। इससे लोगों को हरछू तक पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।
विज्ञापन
रात होने से पहले ही बनाना पड़ता है खाना
पुन्नू देवी ने बताया कि बिजली न होने से उन्हें घर के काम करने में भी परेशानी हो रही है। महिलाओं को अंधेरा होने से पहले ही रात का खाना बनाना पड़ता है।
विज्ञापन
विद्या देवी ने कहा कि बिजली बिल चुकाने के बावजूद एक माह से बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। मोबाइल तक चार्ज करने के लिए लोगों को दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। ऐसे में पैसे खर्च कर भी उन्हें बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है।
जोगिंदर सिंह ने कहा कि बर्फबारी के दौरान बिजली बंद पड़ी है। लाइन को सुचारु करने के लिए कई बार बोर्ड के कर्मचारियों को कहा गया लेकिन, लाइन सुचारु नहीं हो पाई। कहा कि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो वे मजबूरन सीएम हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत करेंगे। संदीप कुमार ने कहा कि बिजली आज के समय में सभी की जरूरत है, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने पर भी उसे सुचारु न करवा पाना बोर्ड की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने जल्द लोगों को राहत दिलवाने की मांग की है।
कमला देवी ने कहा कि उनके बिजली उपकरण बिजली न होने से शोपीस बने हुए हैं। क्षेत्र में बिजली बंद हुए लंबा समय हो चुका है लेकिन, अभी तक व्यवस्था सुचारु नहीं हुई है।
सचिन कुमार ने कहा कि बिजली न होने से उन्हें अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए दूसरे गांव में जाकर मोबाइल चार्ज कर लाने पड़ते हैं। रात को बच्चे दीये के सहारे पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता विक्रम शर्मा ने कहा कि पलानी में ट्रांसफार्मर खराब होने से समस्या हुई है। मार्ग बंद होने से ट्रांसफार्मर ले जाने में परेशानी हो रही है। कहा कि बड़ग्राम के खनबग्गा से ट्रांसफार्मर लाकर बिजली बहाल कर दी जाएगी। एसडीएम भरमौर मनीष सोनी ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए बोर्ड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।