उफनती नदी में कई घंटे तक फंसे 8 लोग सुरक्षित निकाले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गिरि नदी में फंसे सभी आठ लोगों को 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देहरादून से पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित निकाल लिया है। डोबरी सालवाला के समीप गिरि नदी में फंसे सभी आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए देहरादून से आई एनडीआरएफ की टीम, स्थानीय पुलिस और गोताखोर रात भर डटे रहे।
बताया जा रहा है कि गुज्जर समुदाय के लोग अपने मवेशियों को चराने और लकड़ियां लेने टापू पर पहुंचे थे। वीरवार को अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने पर गुज्जरों समेत आठ ग्रामीण और 50 मवेशी बीच टापू में फंस गए। वीरवार को देर रात तक टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। शुक्रवार तड़के शेष लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गिरि नदी में फंसे थे ये लोग
जानकारी के अनुसार गिरि नदी के बीच टापू में फंसे सालवाला क्षेत्र निवासी कमलेश देवी पत्नी रामलाल, विक्की (12) पुत्र आत्माराम, श्यामलाल, अतो देवी पत्नी श्यामलाल, सद्दाम पुत्र सफरुदीन, आजाद अली पुत्र सफरुदीन, शमशेर पुत्र मुस्तफा और यासीन को एनडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
इस दौरान स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान, कार्यकारी तहसीलदार निहालचंद कश्यप और सिंघपुरा पुलिस चौकी प्रभारी चेतन चौहान पुलिस टीम सहित मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि गुज्जर और स्थानीय लोग मवेशियों को चराने तथा सूखी लकड़ियों को लेने इस टापू की तरफ जाते हैं।
उफनती नदी की लहरों के चलते ग्रामीण बीच में कई घंटों तक फंसे रहे
शाम के समय भी ग्रामीण महिलाएं और बच्चे भी टापू पर पहुंचे थे। जिले के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से गिरि नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। टापू के चारों तरफ उफनती नदी की लहरों के चलते ग्रामीण बीच में कई घंटों तक फंसे रहे।
इसके बाद लोकल गोताखोर भी रबड़ की ट्यूबों को लेकर रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पानी के तेज बहाव को देखते हुए शाम को देहरादून से एनडीआरएफ की टीम बुलाई। रेस्क्यू टीम ने मिलकर सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार तड़के गिरि नदी के टापू से सभी आठ ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।