शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर कोरोना पॉजिटिव, पत्नी और बेटा भी संक्रमित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गुरुवार सुबह उन्होंने मनाली में टेस्ट करवाया लेकिन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं मंत्री की पत्नी व सुरक्षाकर्मी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन के तौर पर मंत्री व अन्य लोगों के प्राईमरी संपर्क में आए करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के भी सैंपल लिए गए। मंत्री के संपर्क में आए उनके बेटा और बहन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जबकि सात की रिपोर्ट निगेटिव आई है। शिमला से आने बाद शिक्षा मंत्री एवं कुल्लू दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर का गुरुवार को कुल्लू दशहरा में भाग लेने का कार्यक्रम था। ऐसे में देवी-देवताओं के शिविरों में जाने से पहले एहतियातन तौर पर कोरोना टेस्ट करवाया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंत्री, उनकी पत्नी व पीएसओ होम आइसोलेट हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर खुद इसकी जानकारी दी है।
कहा कि उनका स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार वह अपने घर में आइसोलेट हुए हैं। वहीं मंत्री ने दशहरा से एक दिन पहले भी कुल्लू में कोरोना का टेस्ट करवाया था और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लेकिन इसे पहले दो दिन पूर्व 27 अक्तूबर को शिमला में हुई कैबिनेट की बैठक के अलावा शिक्षा मंत्री कुल्लू दशहरा में कई कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्रियों को दी है। इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया में भी कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी को शेयर किया है। सीएमओ कुल्लू डा सुशील चंद्र शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने प्राईमरी संपर्क में आए करीब एक दर्जन लोगों की पहचान कर उनके सेंपल ले लिए हैं और इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी है। उधर, डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि उनके द्वारा इसकी जानकारी शिमला दी गई है।
मंत्री के पॉजिटिव आने के बाद पूरी कैबिनेट पर कोरोना संकट
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पूरी सरकार पर कोरोना का संकट आ गया है। दो दिन पहले ही शिमला में कैबिनेट बैठक में शिक्षा मंत्री मौजूद थे। बैठक में मुख्य सचिव अनिल खाची समेत सरकार के सभी आला अधिकारियों ने भी शिरकत की थी। अगले दिन शिक्षा मंत्री ने विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक कार्यक्रम में भाग लिया था। ऐसे में शिक्षा विभाग पर खुद कोरोना संकट खड़ा हो गया है। सभी मंत्री गोविंद के प्राइमरी कांटेक्ट की सूची में शामिल हो गए हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री समेत किसी भी मंत्री ने एहतियातन आइसोलेट होने की जानकारी नहीं दी है।
शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी पॉजिटिव होने की जानकारी, लोगों ने पढ़ाया स्कूल न खोलने का पाठ
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने गुरुवार दोपहर को सोशल मीडिया पर स्वयं के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गत दिनों किसी कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आने के कारण उन्होंने अपने स्टाफ सहित गुरुवार सुबह रैपिड एंटीजन कोरोना टेस्ट करवाया था। इसमें उनकी और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने लिखा - मेरा स्वास्थ्य ठीक है तथा मैं चिकित्सकों के परामर्शनुसार अपने घर में आइसोलेट हुआ हूं।
उन्होंने बुधवार को उनके संपर्क में आए सभी लोगों से स्वास्थ्य जांच करवाने का निवेदन भी किया। शिक्षा मंत्री की इस जानकारी पर जहां कई लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की, वहीं कई लोगों ने दो नवंबर से स्कूल न खोलने का पाठ भी पढ़ाया। लोगों ने लिखा कि स्कूल खोलने के फैसले पर एक बार दोबारा से विचार किया जाए। बच्चों को लेकर किसी भी प्रकार का अभी जोखिम न उठाएं। किसी ने कहा कि आप लोग तो बहुत अधिक एहतियात बरतते हैं, इसके बावजूद पॉजिटिव हुए हो। ऐसे हालात में हम बच्चों को कैसे स्कूल जाने दें। एक व्यक्ति ने लिखा कि स्कूलों में शिक्षक भी पॉजिटिव निकल रहे हैं। ऐसे में बच्चों को स्कूल भेजना आसान नहीं है।
शिक्षा मंत्री ने बुधवार को किया था जिओ चैनल का शुभारंभ
शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने बुधवार को सचिवालय में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई के लिए जिओ चैनल का शुभारंभ किया था। इस दौरान शिक्षा सचिव राजीव शर्मा, समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री से कई अन्य लोग भी अपने कामकाज को लेकर मिले थे। वीरवार दोपहर को शिक्षा मंत्री के कोरोना पॉजिटिव आने की सूचना मिलने के बाद सचिवालय से लेकर शिक्षा निदेशालय में हड़कंप मचा रहा। शिक्षा मंत्री से मिले अधिकारी अब होम क्वारंटीन होने की तैयारी में हैं।