प्रदेश के छात्रों को शिक्षा विभाग ने दी बड़ी राहत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की तिथियों को आगे बढ़ाकर अब 30 अगस्त कर दिया है। शिक्षा विभाग ने इस तरह से उन हजारों छात्रों को राहत प्रदान की है, जो कि अभी तक आनलाइन पंजीकरण की सुविधा के अभाव में पंजीकरण नहीं करवा पाए थे।
शिक्षा बोर्ड ने यह फैसला ऑनलाइन पंजीकरण में स्कूलों को आ रही परेशानियों के चलते लिया है। प्रदेश भर के सैकड़ों स्कूलों में इंटरनेट की सुविधा न होने से विद्यार्थियों के पंजीकरण करने में दिक्कत आ रही है।
इसके अलावा बोर्ड वेबसाइट भी ज्यादा समय काम नहीं कर पा रही है। इसलिए बोर्ड ने पंजीकरण की तिथि को बढ़ाकर 25 से 30 अगस्त तक किया है। इससे पूर्व भी शिक्षा बोर्ड ने 15 अगस्त से तिथि को बढ़ाकर 25 अगस्त तक किया था।
इंटरनेट सुविधा न होने वाले स्कूलों को जारी की गई सीडी
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अध्यापकों की मांग पर जिन स्कूलों में इंटरनेट सुविधा नहीं है और ऑनलाइन पंजीकरण में दिक्कतें आ रही हैं, उन स्कूलों को सीडी जारी कर दी है। स्कूल प्रबंधन इसमें विद्यार्थियों का डाटा डालकर स्कूल प्रशासन बोर्ड के पास जमा करवा सकता है।
इसके बाद बोर्ड कार्यालय स्वयं इसे ऑनलाइन करने की पूरी व्यवस्था करेंगे। उधर, प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बलवीर तेगटा ने बताया कि बोर्ड ने पंजीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया पहली बार शुरू की है।
ऐसे में इसमें कुछ दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन इन दिक्कतों को शिक्षा बोर्ड दूर करने की पूरी कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि अध्यापकों को पंजीकरण की ऑनलाइन सुविधा के लिए हर सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। किसी भी स्कूल प्रबंधन को इस संबंध में किसी भी तरह की परेशानी आती है तो वह संपर्क कर जानकारी ले सकता है।