एचआरटीसी कर्मचारियों पर बरसा पैसा, दो गुणा बढ़ी सैलरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में अनुबंध पर कार्यरत चालकों और परिचालकों का वेतन दोगुना होगा। बीस साल सेवा के बाद सभी कंडक्टरों को दो स्पेशल इंक्रीमेंट मिलेंगी। सोमवार को एचआरटीसी प्रबंधन और कर्मचारियों की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक में इस पर सहमति बन गई है।
इस पर अंतिम मुहर बीओडी में लगेगी। अनुबंध पर काम कर रहे चालकों को 6000 और परिचालकों को 4000 रुपये प्रति माह वेतन मिलता है। अब इन्हें क्रमश: 8610 और 7810 रुपये मिलेंगे। वर्क टू रूल को लेकर एचआरटीसी कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद हुई इस बैठक में यह फैसला लिया गया। निगम के इस फैसले का एचआरटीसी कर्मियों ने स्वागत किया है।
इन कर्मचारियों को मिली प्रमोशन
एमडी अशोक तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीस साल सेवा कर चुके परिचालकों को 2 स्पेशल इंक्रीमेंट और 202 परिचालकों को पदोन्नत कर सब इंस्पेक्टर बनाए जाने को मंजूरी दी गई। एचआरटीसी कर्मचारियों को 4-9-14 का एरियर 20 अगस्त से पहले जारी कर दिया जाएगा। पीस मिल पर काम कर रहे वर्करों को अनुबंध में लाने पर सहमति बनी है।
अनुबंध से नियमित होने वाले चालकों की बेसिक पे 9820 रुपये होगी। समिति के विरोध के बाद निगम प्रबंधन ने वेट लीजिंग पर बसें न लिए जाने का फैसला लिया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि संयुक्त समन्वय समिति की मांगे मान ली गई हैं। वे लग्न से काम करे और परिवहन निगम को घाटे से उबारने के लिए मेहनत करें।
पेंशन का मामला कैबिनेट में जाएगा
एचआरटीसी कर्मचारियों की पेंशन का मामला कैबिनेट में जाएगा। यहीं पर इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। निगम प्रबंधन ने समिति को आश्वासन दिया कि इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। बैठक में कर्मचारियों को कंडक्टर भर्ती मामले में उनका पक्ष भी हाईकोर्ट में रखने का आश्वासन दिया गया।
समन्वय समिति ने कहा कि अगर 16 अगस्त तक कंडक्टरों की कमी को पूरा नहीं किया गया तो वर्क टू रूल किया जाएगा। गौरतलब है कि अपनी इन्हीं मांगों को लेकर पिछले महीने भी एचआरटीसी कर्मचारियों ने वर्क टू रूल किया था। इससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।