अधिक फीस वसूल करने पर निजी स्कूलों को फिर चेतावनी पत्र जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार के आदेशों की अनदेखी कर अधिक फीस वसूलने वाले निजी स्कूलों को उच्च शिक्षा निदेशालय ने दोबारा चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को छात्र अभिभावक मंच के प्रदर्शन के बाद उच्च शिक्षा निदेशक ने निजी स्कूलों को पत्र जारी कर कोरोना संकट में सिर्फ ट्यूशन फीस लेने के आदेश दिए हैं। कहा कि मंत्रिमंडल बैठक में साल 2019 में तय ट्यूशन फीस ही इस साल लेने को कहा है। सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वाली निजी स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार ने 3 महीने की एक साथ फीस लेने की जगह मासिक आधार पर फीस लेने को कहा है। कहा कि निदेशालय के पास शिकायतें आई हैं कि कुछ निजी स्कूल अभिभावकों पर मनमानी फीस जमा करने को दबाव बना रहे हैं। कई स्कूलों ने ट्यूशन फीस के अतिरिक्त अन्य चार्ज जमा न करने पर बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं भी बंद कर दी हैं।
इन बच्चों को छात्रों के लिए बनाए गए स्टडी ग्रुप से भी बाहर कर दिया है। अभिभावकों को बार-बार फीस जमा करने के लिए मेसेज भेजकर प्रताड़ित भी किया जा रहा है। उच्च शिक्षा निदेशक ने जारी पत्र में कहा कि इससे पूर्व दो बार निजी स्कूलों को चेतावनी पत्र जारी किए गए हैं। निदेशालय अब सख्ती बरतने जा रहा है। दोषी पाए जाने वाले स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ शिमला में फूटा अभिभावकों का गुस्सा
छात्र अभिभावक मंच ने निजी स्कूलों की मनमानी और सरकार के केवल ट्यूशन फीस लेने के आदेश की अवहेलना के खिलाफ शुक्रवार को शिक्षा निदेशालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रमोद चौहान को ज्ञापन भी सौंपा। सरकार के केवल ट्यूशन फीस वसूली के आदेश लागू करने के साथ अन्य सभी तरह के चार्जिस पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि सभी स्कूल अपनी फीस बुकलेट जारी करें।
सभी स्कूलों की मदवार फीस का ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। मंच ने चेतावनी दी कि वर्ष 2019 की तर्ज पर केवल ट्यूशन फीस लेने के निर्णय को अगर अक्षरश: लागू न किया गया। ट्यूशन फीस तिमाही के बजाय हर महीने के आधार पर न वसूली गई और सभी चार्जिस माफ व समाहित न किए गए तो शिक्षा निदेशालय के बाहर चौबीस घंटे का महा पड़ाव होगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में विजेंद्र मेहरा, विवेक कश्यप, फालमा चौहान, बलबीर पराशर, सत्यवान पुंडीर, जयानंद, बाबू राम, कपिल शर्मा, बालकराम, अनिल, संगीत, शुभम, जय चंद, राकेश रॉकी, कृष्णा, मीनाक्षी, रेखा, भावना, विनोद, विनीत, सुरेश, सरोज, सपना, लायक राम, रिशु, राकेश, विक्की, पवना, कविता, बिमला, शकुंतला, सीमा और अनिता सहित कई अन्य शामिल हुए।
मंच के संयोजक विजेंद्र मेहरा, सदस्य विवेक कश्यप व फालमा चौहान ने कहा कि कोरोना काल में भी निजी स्कूल खुली लूट कर रहे हैं। विभाग ने जिन सात निजी स्कूलों का निरीक्षण किया है, उन्होंने शिक्षा विभाग के पास गलत रिकॉर्ड पेश किया है। इन पर सख्त कार्रवाई की जाए। शिमला शहर के बाकी निजी स्कूलों की भी इंस्पेक्शन की जाए।
निजी स्कूलों के लगभग 70 प्रतिशत अभिभावक निजी स्कूलों के बार-बार भेजे गए मोबाइल संदेशों के दबाव में एनुअल चार्ज, एडमिशन फीस, कंप्यूटर फीस, स्मार्ट क्लास रूम चार्ज, स्पोर्ट्स चार्ज, केयर्स फंड, मिसलेनियस फंड व अन्य फंड व फीस कैबिनेट का निर्णय आने से पूर्व ही जमा कर चुके हैं। जमा फीस में ट्यूशन फीस भी 2020 में आठ से बीस प्रतिशत तक बढ़ाई गई फीस के आधार पर ली गई है। निजी स्कूल प्रबंधन ज्यादा वसूली फीस को अगली किस्तों में समाहित करने में आनाकानी कर रहे हैं और न ही बढ़ी हुई फीस को लौटा रहे हैं।