क्रिकेट टीम में चयन को लाखों के लेन-देन का ऑडियो वायरल, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति की सीनियर क्रिकेट टीम में चयन को लेकर छह लाख रुपये के लेन-देन की एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई है। चार मिनट 34 सेकेंड की क्लिप में क्रिकेट संघ के पदाधिकारी और बिचौलिए के बीच पैसे देकर बाहरी खिलाड़ी के चयन की बात की जा रही है। बिचौलिया एक लाख रुपये खुद रखने, जबकि पांच लाख आगे देने की बात कर रहा है।
जिला मुख्यालय कुल्लू की पुलिस लाइन बाशिंग में बीते दिन जिले की सीनियर वर्ग की क्रिकेट टीम का चयन हुआ, जबकि यह क्लिप एक-दो दिन पुरानी लग रही है। इसमें मंडी आकर पैसे देने की बात की जा रही है। ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद जिले के अधिकतर खिलाड़ी चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए।
सीनियर टीम में जिन 54 संभावित खिलाड़ियों का चयन हुआ, उनमें ज्यादातर प्रदेश के दूसरे जिलों कुल्लू, मंडी, कांगड़ा के अलावा पंजाब और दिल्ली राज्यों के बताए जा रहे हैं। क्लिप में जिस खिलाड़ी के नाम का चयन कर पैसों के लेन-देन की बात हो रही है, संभावित सूची में उसका नाम भी बताया जा रहा है।
चयन कमेटी पर उठे सवाल
क्लिप के वायरल होने के बाद एचपीसीए की अंतरिम चयन कमेटी पर सवाल उठने लगे हैं। इससे हिमाचल क्रिकेट में हड़कंप मच गया है। एचपीसीए निदेशक मंडल के सदस्य आरएस कपूर का कहना है कि उन्हें ऑडियो क्लिप वायरल होने की सूचना मिली है, लेकिन लाहौल-स्पीति जिले की टीम में घाटी के खिलाड़ियों के न होने की बात को उन्होंने नकारा है।
उन्होंने कहा कि किसी भी जिला स्तरीय टीम में दूसरे जिले से एक-दो खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं। लाहौल-स्पीति जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतम ठाकुर ने बताया कि खिलाड़ी के चयन में लाखों रुपये के लेन-देन को लेकर वायरल ऑडियो क्लिप उन्हें भी मिली है।
एसोसिएशन अपने स्तर पर जांच करेगी। अगर क्लिप सही निकली तो पुलिस में मामला दर्ज करवाकर क्लिप को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले की टीम में घाटी का एक भी खिलाड़ी न होना गंभीर मामला है।