उत्तर पुस्तिका की जानकारी सार्वजनिक करने पर डीएलएड का परीक्षा केंद्र रद्द
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राजधानी शिमला के एक कॉलेज का परीक्षा केंद्र आगामी डीएलएड परीक्षाओं के लिए स्थगित किया है। कॉलेज पर यह कार्रवाई उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक करने के चलते हुई है। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने निजी शिक्षण संस्थान शिमला कॉलेज ऑफ एजूकेशन शीतलकुंज इस्टेट संजौली में स्थापित परीक्षा केंद्र को आगामी परीक्षाओं के लिए निरस्त किया है। अब इस कॉलेज में डीएलएड से संबंधित कोई भी आगामी परीक्षा नहीं हो पाएगी। परीक्षा केंद्र पर यह गाज उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन की गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक करने पर की गई है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव अक्षय सूद ने बताया कि कॉलेज के परीक्षा केंद्र की निरस्तता आगामी आदेशों तक जारी रहेगी।
एचपीयू ने सुधारी 100 में से 103 अंक देने की गलती
बीवॉक विद्यार्थी के एक विषय में 103 अंक की गड़बड़ी को एचपीयू ने सुधार लिया है। विद्यार्थी को अब इस विषय में 74 अंक मिले हैं। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद एचपीयू ने अपनी गलती सुधारी है। एचपीयू ने बिलासपुर के बीवॉक के एक विद्यार्थी को एनवायरमेंटल साइंस में 100 में से 103 नंबर दे दिए थे। अमर उजाला में खबर छपने के बाद एचपीयू हरकत में आया। एचपीयू ने अपनी गलती सुधारकर विद्यार्थी के रिजल्ट को ठीक किया है और इसे इस विषय में अब 74 अंक दिए गए हैं। एचपीयू के परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि फॉर्मूला लगाते समय कंप्यूटर से कैलकुलेट करने के दौरान गड़बड़ी हुई थी। इसे अब ठीक कर दिया गया है।