कांग्रेस विधायक की धमकी के बाद कर दिया डीसी का तबादला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कांग्रेस विधायक रवि ठाकुर की इस्तीफे की धमकी के बाद लाहौल स्पीति के डीसी विवेक भाटिया का सोमवार को तबादला कर दिया गया। रवि ठाकुर ने उनकी बातें नहीं मानने पर डीसी विवेक भाटिया से नाराजगी जताई थी। राज्य सरकार ने डीसी विवेक भाटिया को निदेशक भू-रिकॉर्ड के पद पर बदल दिया है।
निदेशक भू-रिकार्ड देवा सिंह नेगी को लाहौल स्पीति का नया डीसी बनाया गया है। कांग्रेस के एमएलए रवि ठाकुर ने रविवार को ही एलान किया था कि डीसी उनकी बातें नहीं मानते हैं और इससे लोगों के काम अटक रहे हैं। उन्होंने कहा था कि उन पर जनता का दबाव है और इसीलिए ही उन्होंने रिजाइन करने का मन बनाया है।
26 अप्रैल को भी होनी है सुनवाई
उन्होंने ये भी चेतावनी दी थी कि वे पहले पार्टी के लोगों और पंचायतों के प्रतिनिधियों को पूछेंगे और फिर आलाकमान को इस्तीफा देंगे। उनका कहना था कि वे सीएम और मुख्य सचिव के सामने भी कई बार इस मामले को उठा चुके हैं, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सोमवार को मुख्य सचिव वीसी फारका ने विवेक भाटिया के तबादला आदेश जारी कर दिए। रवि ठाकुर ने डीसी विवेक भाटिया के खिलाफ हिमाचल प्रदेश विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के समक्ष भी शिकायत की थी, जिस पर उन्हें 26 अप्रैल को सुनवाई को शिमला बुलाया गया है।
जनता की आवाज को सरकार ने स्वीकारा: रवि ठाकुर
केलांग (लाहौल स्पीति)। विधायक रवि ठाकुर की शिकायत पर सरकार को आखिर उपायुक्त विवेक भाटिया को लाहौल स्पीति से हटा दिया है। बताया जा रहा है कि बीते कुछ महीनों से विधायक और उपायुक्त के बीच सब ठीक चल रहा था। जबकि कुछ पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा सरकारी कर्मचारी तक उपायुक्त के तबादले की मांग कर रहे थे।
विवेक भाटिया ने पिछले साल ही फरवरी माह में बतौर उपायुक्त लाहौल स्पीति अपनी ज्वाइनिंग दी थी। विवेक भाटिया के तबादले के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि उनकी भाटिया के साथ कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है, लेकिन जो अधिकारी जनता के चुने प्रतिनिधि की बात को ही नजरअंदाज कर दें तो यह स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति की जनता पिछले कई महीनों से उपायुक्त के तबादले को लेकर उन पर दबाव डाल रही थी। उन्होंने तो महज जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाई है। जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार लाहौल स्पीति की जनता को राहत दी है।
नए उपायुक्त के साथ सौहार्दपूर्ण एवं मित्रतापूर्ण माहौल में काम करते हुए घाटी के विकास कार्यों को अंजाम देंगे। राज्य सरकार की ओर से तत्काल कारवाई करने पर उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया है।