ग्रेट खली की रेसलिंग बन गई गले की फांस, अफसरशाही के छूटे पसीने
हिमाचल में अगले माह करवाई जाने वाली ग्रेट खली व अन्य नामी रेसलरों की डब्ल्यूडब्ल्यूई प्रतियोगिता 3.50 करोड़ के फेर में फंस गई है। नॉन शेड्यूल गेम की प्रतियोगिता आयोजित करने को बजट एकत्र करने में अफसरशाही के पसीने छूट रहे हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को हिमाचल बुलाने का प्रस्ताव अफसरशाही के गले की फांस बन गया है। प्रतियोगिता करने को प्रस्तावित बजट 3.50 करोड़ का जुगाड़ करने के लिए अब विभिन्न विभागों से मदद मांगी गई है।
ग्रेट खली के सहयोग से हिमाचल में करवाई जाने वाली प्रतियोगिता के आयोजन के बीच नियम आडे़ आ गए हैं। राज्य सरकार की शेड्यूल खेलों की लिस्ट में डब्ल्यूडब्ल्यूई शामिल नहीं है।
खेल मंत्री गोविंद ठाकुर सार्वजनिक तौर पर इस प्रतियोगिता को मंडी और सोलन में आयोजित करने की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में खेल विभाग के सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
नॉन शेड्यूल गेम के लिए नहीं मिलता पैसा
खेल विभाग के अधिकारी इस नॉन शेड्यूल गेम के लिए सरकारी कोष से पैसा जारी कर नहीं सकते हैं। प्रतियोगिता के लिए साढ़े तीन करोड़ का बजट प्रस्तावित है। इस भारी भरकम राशि का इंतजाम किस प्रकार किया जाए। इसको लेकर अफसरशाही पसोपेश में है।
विभागीय अधिकारियों ने इस समस्या से निकलने के लिए अब उद्योग विभाग, पर्यटन विभाग और राज्य बिजली बोर्ड से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। खेल विभाग की अपील ने दूसरे विभागों के अफसरों को भी मुश्किल में डाल दिया है।
नॉन शेड्यूल गेम के लिए दूसरे विभाग किस मद से पैसा जारी करें, इसको लेकर बैठकों का लगातार दौर जारी है। लेकिन कोई भी निष्कर्ष नहीं निकल रहा है। ऐसे में 15 अप्रैल के बाद प्रतियोगिता के आयोजन पर संशय हो गया है।
तीन श्रेणियों में बांटे गए हैं शेड्यूल खेल
प्रदेश में शेड्यूल खेलों को तीन श्रेणियों ए, बी और सी में बांटा गया है। इन श्रेणियों के हिसाब से ही विभाग पैसा जारी करता है। शेड्यूल खेलों का ही ब्लाक, जिला और राज्य स्तर पर आयोजन होता है। शेड्यूल खेलों की सूची में शामिल नहीं किए गए खेलों के लिए विभाग सरकारी पैसा जारी नहीं कर सकता है।
ग्रेट खली से हो चुकी हैं कई दौर की बैठकें
प्रतियोगिता का आयोजन करने के लिए खेल मंत्री गोविंद ठाकुर से लेकर विभागीय अधिकारियों की ग्रेट खली से कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। शिमला से लेकर चंडीगढ़ तक आयोजित हुई इन बैठकों में मंडी और सोलन में प्रतियोगिता करवाने का फैसला हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी अपने जालंधर दौरे के दौरान ग्रेट खली की अकादमी का दौरा कर चुके हैं।
तीन से सात हजार रुपये की टिकट बेचने का प्रस्ताव
रेसलिंग प्रतियोगिता देखने के लिए आने वाले लोगों के लिए टिकटों का दाम तीन हजार, पांच हजार और सात हजार रुपये तय किया है।