सिर्फ एक कॉल और हो जाएगा आपका ये काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आपको घर में काम कराने के लिए प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन या कारपेंटर की जरूरत है, तो आपको इधर-उधर भागने की जरूरत नहीं है। एक टोल फ्री नंबर पर फोन करते ही कारीगर आपके घर पहुंच जाएगा। हिमाचल में लोगों की सुविधा के लिए शहरी विकास विभाग अब 108 एंबुलेंस की तर्ज पर इस तरह की सेवा शुरू करने की तैयारी में है।
प्रारंभिक चरण में सूबे के दस जिला मुख्यालयों में ये सेवा मिलेगी। इसके लिए छह माह के प्रशिक्षण के बाद विभाग कारीगरों को पंजीकृत करेगा। इस योजना से न केवल लोगों को घर के द्वार पर ये सुविधा मिलेगी, बल्कि बेरोजगारों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। इसके तहत जिला मुख्यालय में आजीविका केंद्र भी खोले जाएंगे।
ट्रेंड युवाओं को मिलेगा रोजगार
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत प्रदेश सरकार एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसमें बेरोजगारों युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उसके बाद उन्हें जिला स्तर पर स्थापित आजीविका केंद्र से जोड़ा जाएगा। आजीविका केंद्र में एक टोल फ्री नंबर होगा, जिस पर फोन करने पर लोगों को घर-द्वार सेवाएं प्रशिक्षित कारीगर दे सकेंगे। हिमाचल में 108 एंबुलेंस सेवा के बाद ये दूसरा प्रयोग होगा।
लोगों को घर के दरवाजे पर जरूरी सुविधा देने के लिए विभाग इस प्रोजेक्ट पर
काम कर रहा है। एक फोन पर कारीगर घर में पहुंचेगा। लोगों को इधर-उधर भटकने
की जरूरत नहीं पड़ेगी। विभाग एक युवा को प्रशिक्षित करने पर 18 हजार तक
राशि खर्च करेगा।
- जेएम पठानिया, निदेशक शहरी विकास विभाग