घंटों लाइन में खड़े रहे ये दूल्हे, कैश था फिर भी खाली हाथ लौटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोटबंदी से शादी वाले घरों में दिक्कतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले कैश नहीं मिल रहा था और अब बीएसएनएल ने दिक्कत बढ़ा दी। सिरमौर में बीएसएनएल की कनेक्टिविटी फेल होने से मंगलवार को दो दूल्हों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
एक दूल्हा घर में हल्दी की रस्म (नधार) छोड़कर कतार में खड़ा रहा तो दूसरा बुधवार को नधार की रस्म के लिए कुछ कैश जुटाने के लिए भटकता रहा। सुबह से शाम तक इंतजार करने के बावजूद दोनों को कैश नहीं मिल पाया। अब उधार के पैसों से हल्दी की रस्म निभाई जाएगी।
बनकला पंचायत के शंभुवाला के राहुल की बुधवार को हल्दी की रस्म होनी है। राहुल ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में दूसरे उपभोक्ताओं के साथ वे मंगलवार को दिनभर लाइन में खड़े रहे। सुबह के समय बैंक का कामकाज सही ढंग से चल रहा था लेकिन 12:30 बजे बैंक में बीएसएनएल की कनेक्टिविटी फेल हो गई।
अब उधार के पैसों से होगी हल्दी की रस्म
इसके बाद वे इंतजार करते रहे पर मायूसी ही हाथ लगी। राहुल ने बताया कि उन्होंने अब पंचायत प्रधान तपिंद्र चौहान से 30 हजार रुपये उधार लिए हैं। इन्हीं पैसों से अब वह हल्दी की रस्म निभाएंगे। राहुल की तरह रुखड़ी निवासी नवीन की मंगलवार को हल्दी की रस्म थी। लेकिन कैश के लिए नवीन दिनभर कतार में खड़े रहे पर कुछ हाथ नहीं लगा।
बीएसएनएल की लापरवाही भारी
बनकला पंचायत के प्रधान तपिंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने बीएसएनएल के अधिकारियों को सूचना दे दी थी। उन्होंने बताया कि दूल्हों को पैसे न मिलने से खाली हाथ लौटना पड़ा। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल की लापरवाही दूल्हों पर भारी पड़ी है। बैंक का कामकाज भी ठप रहा।
नाहन में निपटाया कुछ कामकाज
सेंट्रल बैंक शाखा की प्रबंधक मनिंद्र कौर ने बताया कि कनेक्टिविटी न मिलने के कारण उन्हें भी बनकला से नाहन आना पड़ा। कुछ उपभोक्ताओं के कामकाज नाहन में ही निपटाने पड़े।