सस्ते टमाटर की तलाश में 'मिनी पंजाब' में डटे व्यापारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश भर में टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। इसलिए व्यापारियों ने सस्ते टमाटर की तलाश में 'मिनी पंजाब' में डेरा जमा लिया है। 'मिनी पंजाब' के नाम से मशहूर हिमाचल के मंडी जिले की बल्ह घाटी में टमाटर की इस बार बंपर पैदावार है। यहां 800 हेक्टेयर भूमि पर किसान टमाटर की पैदावार करते हैं।
बंपर फसल को देखते हुए अब जम्मू, राजस्थान, हरियाणा, देहरादून और पंजाब के थोक व्यापारियों ने यहां डेरा डाल दिया है। घाटी से प्रतिवर्ष करीब 70 करोड़ रुपये का टमाटर बाहरी राज्यों की मंडियों में जाता है। बल्ह घाटी के राजगढ़, स्टोह, कैहड़, चवाड़ी, खांदला, कुम्मी, नलसर, डीनक, ढाबण, कनैड, साई, नेरचौक, स्योहल, सीन, नागचला में टमाटर की बंपर पैदावार हुई है।
टमाटर के अलावा हिमाचल के हरे मटर की भी मुंबई और गुजरात में भारी डिमांड है। किसानों को इसके चोखे दाम मिल रहे हैं। बाहरी राज्यों के व्यापारियों ने मंडी जिले की टकोली सब्जी मंडी में डेरा जमा दिया है। मटर के साथ प्लम का सीजन भी शुरू हो गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान की मंडियों के लिए प्लम जा रहा है।
600-700 रुपये मिल रहे क्रेट के दाम
थोक सब्जी विक्रेता अनिल सैणी, नंदलाल सैणी ने कहा कि पूरे भारत को रोजाना ढाई सौ से तीन सौ छोटे-बड़े वाहन टमाटर लेकर जा रहे हैं। किसानों को 20 से 22 किलो क्रेट के दाम 600 से 700 रुपये तक मिल रहे हैं। चमनलाल, डिंपल सैणी, मदन, रमेश ठाकुर, राजगढ़ से कुलदीप, रिंपू कोहली, खयूरी से परमदेव भारती, सोनू धलारिया, कुम्मी से जयराम सैणी, नंद लाल सैणी, जोगीराज, राकेश
ठाकुर, राजकुमार राजू, अन्ना, विनय सैणी, छोटूराम का कहना है कि राजगढ़ क्षेत्र में 70 प्रतिशत लोग टमाटर की पैदावार करते हैं। कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ एनएस नायक ने कहा कि टमाटर की अच्छी फसल के लिए उत्पादकों को उच्च किस्म के बीज, कीटनाशक दवाइयों का प्रयोग करना चाहिए।
मटर और प्लम के भी मिल रहे अच्छे दाम
हिमाचली मटर की बाहरी राज्यों में भारी डिमांड है। व्यापारी राजू अंबरसरी ने बताया कि मुंबई तथा गुजरात की मंडियों में यहां का मटर हाथोंहाथ बिक रहा है। व्यापारियों केके कैथल, काका हांसी, रमेश हांसी ने बताया कि हिमाचल के प्लम की पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान की मंडियों में डिमांड है।
युद्धवीर, दलीप, आशा देवी, देव कुमार, प्रकाश चंद और रविंद्र आदि किसानो ने बताया कि मटर, प्लम के अच्छे दाम अच्छे मिल रहे हैं। सब्जी मंडी के प्रधान यदुराम शर्मा, ग्रोवर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तुलसीराम, आढ़ती प्रदीप शर्मा, पंकज शर्मा, देवराज, विपिन शर्मा, महेंद्र नेगी, रामप्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को हरा मटर 20 से 60, फ्रासबीन 42 से 45 रुपये, प्लम 20 से 45 तथा खुमानी 30 से 40 रुपए प्रति किलो थोक भाव से बिकी।
जुलाई में शुरू होगा टमाटर का कारोबार
सोलन। कृषि उपज मंडी समिति के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि जुलाई में टमाटर का कारोबार शुरू होता है। अभी टमाटर पंजाब, हरियाणा की मंडियों से टमाटर आ रहा है। वर्तमान की बारिश टमाटर के लिए संजीवनी है। अभी बाड़ लग रहे हैं। अगले सप्ताह में बारिश और ओलावृष्टि हुई तो टमाटर की पैदावार प्रभावित होगी।
बाहरी राज्यों के आढ़ती टमाटर के लिए अगले माह मंडियों में आना शुरू होंगे। सोलन में हर वर्ष 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार होता है। किसानों का मानना है कि जितनी ज्यादा बारिश होगी, टमाटर को उसका उतना ही फायदा होगा। बसाल पंचायत के सन्नी, देवीचंद, हरिदत, प्रेमचंद, राजेंद्र, गीताराम, सीताराम, उमादत्त और देव दत्त ने बताया कि बारिश टमाटर की फसलों में बाड़ लगाने के लिए सहयोगी है। वर्षा से टमाटर की बंपर पैदावार होने की उम्मीद है।
Published by Arvind Thakur