लंदन से कुरियर के नाम पर महिला से लाखों की ठगी
एक महिला के साथ लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा कि 22 जुलाई को उसके मोबाइल नंबर पर कॉल आई और कहा कि उनका कुरियर लंदन से आया है। कुरियर उन तक पहुंचाने के लिए 18 हजार 500 रुपये जमा करवाने होंगे।
महिला के परिचित विदेश में रहते हैं लिहाजा उन्हें लगा कि उनहोंने कोई कुरियर भेजा होगा। इसलिए महिला ने बताए गए खाता नंबर पर यह रकम जमा करवा दी लेकिन इसके बाद महिला को अलग अलग नंबर से कॉल आती रही और पैसा जमा करवाने की बात करते रहे।
धोखाधड़ी का इस तरह चला पता
इस बीच महिला ने अलग अलग तारीखों को 3 लाख 18 हजार 500 रुपये जमा करवा दिए। लेकिन जब उसके बाद भी कुरियर नहीं पहुंचा तो महिला ने उस नंबर पर कॉल किया। आरोपी ने फिर से पैसा जमा करवाने को कहा। तब जाकर महिला को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
इस तरह के दर्जनों मामले पहले भी आ चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि इस तरह की कॉल पर विश्वास न करें और ऐसे ठगों से सतर्क रहे। शिकायत के आधार पर थाना सदर में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है।