एचआरटीसी चालक से उलझे पर्यटकों ने हवा में दागीं गोलियां, यात्रियों में दहशत
एचआरटीसी चालक से उलझने के बाद पर्यटकों ने हवा में गोलियां दागीं। इससे यात्रियों में दहशत मच गई। शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जाबली के पास पर्यटकों ने परिवहन निगम के चालक से मारपीट के बाद हवा में तीन राउंड फायर कर दिए।
घटना के बाद तीनों आरोपी कार से परवाणू की तरफ भाग निकले, लेकिन पुलिस ने बाईपास पर नाके पर आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपी दलजीत (31), राजवंत (36) और जसप्रीत (32) मोहाली (पंजाब) के रहने वाले हैं।
ऐसे हुआ पूरा मामला
जानकारी के अनुसार तीनों आरोपी शिमला घूमने के बाद मोहाली लौट रहे थे। इसी बीच परवाणू से धर्मपुर जा रही परिवहन निगम की बस कोटी के पास जाम में फंसी थी। जब आरोपियों की गाड़ी बस को पास दे रही थी तो उसका पिछला हिस्सा बस से टकरा गया।
इसके बाद तीनों आरोपी बस चालक सुभाष से उलझ गए। पहले उन्होंने चालक पर पत्थर से हमला किया और जब बस में बैठी सवारियों ने चालक को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने तीन गोलियां हवा में दाग दीं। इसके बाद वे भाग निकले। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला का कहना है कि तीनों को पकड़ लिया गया है।